जमुई में पहली बार अखाड़े पर राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। दो दिवसीय यह प्रतियोगिता 14 फरवरी से श्री कृष्ण सिंह स्टेडियम में शुरू होगी, जिसका उद्घाटन उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। आयोजन का श्रेय स्थानीय विधायक सह खेल मंत्री श्रेयसी सिंह को दिया जा रहा है। प्रतियोगिता में राज्यभर से करीब 300 पहलवानों के भाग लेने की संभावना है।
औषधीय अखाड़ा बनेगा आकर्षण का केंद्र
इस प्रतियोगिता की सबसे बड़ी खासियत औषधीय अखाड़ा होगा, जिसे पारंपरिक तरीके से तैयार किया जा रहा है। चार फीट ऊंचे गोल सर्कल वाले अखाड़े की मिट्टी में 200 लीटर दूध, 20 किलो घी, 4.5 क्विंटल सरसों तेल, 1000 नींबू का रस और 400 किलो हल्दी मिलाई जाएगी। लगभग 80 ट्रैक्टर मिट्टी में इन सामग्रियों का मिश्रण कर उसे मुलायम और औषधीय गुणों से युक्त बनाया जाएगा।

राज्य कुश्ती संघ के कार्यालय सचिव विजय कुमार ने बताया कि इस तरह तैयार अखाड़े में कुश्ती करने पर पहलवानों को चोट का खतरा काफी कम रहता है और पटका खाने के बाद भी दर्द कम महसूस होता है। अखाड़े की तैयारी की निगरानी के लिए राज्य स्तरीय कुश्ती संघ की टीम जमुई पहुंच चुकी है और स्टेडियम में युद्ध स्तर पर काम जारी है।
यह भी पढ़ें : मुजफ्फरपुर सीनियर फुटबॉल लीग में यंग ब्वॉयज क्लब जीता
चांदी की गदा बनेगी विजेता का सम्मान
जिला पदाधिकारी नवीन ने बताया कि 100 किलो से अधिक वजन वर्ग के सर्वश्रेष्ठ पहलवान को चांदी की गदा देकर सम्मानित किया जाएगा। गदा शुक्रवार को जमुई पहुंचेगी, जिसे शहर में भ्रमण भी कराया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक वजन वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पहलवान को एक लाख रुपये, द्वितीय को 50 हजार और तृतीय स्थान पाने वाले को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।

पांच पुरुष और दो महिला वजन वर्ग में मुकाबले
प्रतियोगिता में पुरुषों के पांच और महिलाओं के दो वजन वर्ग में मुकाबले होंगे। राज्य कुश्ती संघ की पदाधिकारी टीम का नेतृत्व महासचिव विनय कुमार सिंह कर रहे हैं। टीम में तकनीकी प्रभारी विवेक भारद्वाज, भोरिक सिंह यादव और अन्य अधिकारी शामिल हैं।
खेल प्रेमियों में उत्साह
जमुई में औषधीय अखाड़े पर होने वाली इस अनोखी राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता को लेकर खेल प्रेमियों में काफी उत्साह है। पारंपरिक भारतीय पद्धति से तैयार अखाड़ा और बड़े पुरस्कार इस प्रतियोगिता को खास बना रहे हैं। दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है।
इन्हें भी पढ़ें
मेंस टी20 विश्व कप मैच प्रीव्यू : ऑस्ट्रेलिया की चाहत बड़ी जीत की
मेंस टी20 विश्व कप मैच प्रीव्यू : दोनों टीमों को पहली जीत की तलाश
मेंस टी20 विश्व कप : सुपर आठ की उम्मीदों के लिए होगी लड़ाई
मेंस टी20 विश्व कप में श्रीलंका की 105 रन की बड़ी जीत