पटना, 7 फरवरी। कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी में अपना पहला मैच खेल रहे बिहार के नमन गौरव ने दोहरा शतक जमा आने वाले दिनों के लिए अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। स्थानीय मोइनुल हक स्टेडियम में नागालैंड के खिलाफ खेले जा रहे फाइनल मुकाबले में बिहार ने अपनी पहली पारी के आधार पर 274 रन की मजबूत बढ़त बना ली है। दूसरे दिन की खेल समाप्ति पर नागालैंड ने अपनी दूसरी पारी में 6 विकेट पर 53 रन बनाये हैं। उसके पहली पारी 155 रन पर सिमट गई थी।
नमन गौरव का यादगार डेब्यू, दोहरा शतक जड़ा
खेल के दूसरे शनिवार यानी 7 फरवरी को बिहार ने पहली पारी में 112 ओवर में 9 विकेट पर 482 रन बनाकर पारी घोषित की। दूसरे दिन बिहार ने पहली पारी की शुरुआत पहले दिन के तीन विकेट के नुकसान पर 214 रन से आगे किया। क्रीज पर नमन गौरव और पृथ्वी राज थे। पहले दिन नमन गौरव 63 और पृथ्वी राज 45 रन बना कर खेल रहे।

दूसरे दिन नमन गौरव ने शानदार बैटिंग करते हुए अपना डेब्यू दोहरा शतक जमाया और अंत तक टिक रहे। नमन ने 335 गेंदों का सामना किया और अपनी धैर्यपूर्ण पारी में 23 चौके और 4 छक्के लगाए। उनकी यह पारी तकनीक, संयम और लंबी पारी खेलने की क्षमता का बेहतरीन उदाहरण रही।
अन्य बल्लेबाजों का भी अहम योगदान
नमन के अलावा बिहार के लिए आकाश राज ने 73 रन, पृथ्वी राज ने 61 रन और आदित्य राज ने 61 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। वासुदेव प्रसाद सिंह ने 33 रन बनाए, जबकि टीम की कुल पारी में 36 अतिरिक्त रन भी जुड़े।
नागालैंड के गेंदबाजों का संघर्ष
नागालैंड की ओर से गेंदबाजी में अनिल गुप्ता ने सबसे ज्यादा संघर्ष करते हुए 27 ओवर में 153 रन देकर 5 विकेट झटके। इसके अलावा राजा, नइज़खो, ज़ैटुओ और केदुउहेतुओ को 1-1 विकेट मिला।

दूसरी पारी में नागालैंड की मुश्किलें बढ़ीं
पहली पारी में नागालैंड की टीम 44.4 ओवर में 155 रन पर सिमट गई थी। दूसरी पारी में नागालैंड की बैटिंग में सुधार नहीं हुआ और 19 ओवर में 53 रन पर उसके विकेट गिर चुके हैं। समीर अली 17 रन और युगंधर 9 रन बनाकर नाबाद लौटे।
बिहार की घातक गेंदबाजी
बिहार की गेंदबाजी ने दूसरे दिन भी दबदबा बनाए रखा। वासुदेव प्रसाद सिंह ने 6 ओवर में 3 विकेट हासिल किए, जबकि सूरज कश्यप ने 2 विकेट झटके। बादल कनौजिया ने भी 1 विकेट लेकर नगालैंड पर दबाव बनाए रखा।
खिताब की ओर बिहार मजबूत
दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक बिहार का पलड़ा पूरी तरह भारी नजर आ रहा है। फाइनल मुकाबले के अगले दिन बिहार की कोशिश शेष विकेट जल्दी समेटकर प्लेट ग्रुप का खिताब अपने नाम करने की होगी।