पटना, 25 जनवरी। मुंबई के खिलाफ कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी मल्टीडेज मुकाबले में बिहार के दीपक कुमार और सूरज कश्यप ने अर्धशतकीय पारी खेलते हुए बिहार का स्कोर 63.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 264 रन पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। पहले दिन की खेल समाप्ति पर मेजबान मुंबई ने 16 ओवर में दो विकेट पर 90 रन बना लिये हैं।
मुंबई के सचिन तेंदुलकर जिमखाना कांदिवली ग्राउंड पर शनिवार यानी 25 जनवरी से शुरू मुकाबले में टॉस बिहार ने जीता और पहले बैटिंग करने का फैसला किया। पारी की शुआरत पवन राय और प्रशांत कुमार ने किया। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 26 रन की साझेदारी की। पवन राय के रूप में बिहार को पहला झटका लगा जो 10 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौटे।
इसके बाद सलामी बैटर प्रशांत कुमार भी ज्यादा देर तक नहीं टिक पाये और 22 रन के स्कोर धनित राउत की गेंद पर हिमांशु सिंह द्वारा लपके गए। इसके बाद अंकित राज और दीपक ने पारी को बढ़ाया। तीसरे विकेट के लिए दोनों ने 67 रन की साझेदारी की। अंकित राज अपने अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे पर उनके सपने पर सूर्यांश शेडगे ने बोल्ड आउट कर विराम लगाया। अंकित राज ने 38 रन की पारी खेली।
इसके बाद कप्तान शंशाक उपाध्याय और सागर कुमार ने कुछ-कुछ देर के लिए दीपक का साथ दिया। शशांक उपाध्याय 16 और सागर कुमार 3 रन बना कर आउट हुए। इन दोनों के आउट होने के बाद सूरज कश्यप ने दीपक का साथ देते हुए 36 रन की साझेदारी की।
अर्धशतक पूरा करने के बाद दीपक ने शतक की ओर कदम बढ़ाया पर उस पर हिमांशु सिंह ने 47.3 ओवर में ब्रेक लगा दिया। दीपक 99 गेंद में 7 चौका व 2 छक्का के सहारे 75 रन बना आउट हुए। सूरज कश्यप को सूरज विजय का साथ मिला और दोनों ने सातवें विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी की और स्कोर को 200 रन के पार पहुंचाया। सूरज कश्यप के रूप में बिहार को सातवां झटका लगा। सूरज कश्यप ने तेज खेलते हुए 41 गेंद में 3 चौका व 5 छक्का की मदद से 53 रन बनाये। एक छोर को सूरज विजय ने संभाला पर निचले क्रम के बैटरों का ज्यादा साथ नहीं मिला और बिहार की पहली पारी 63.1 ओवर में 264 रन पर सिमट गई।
सूरज विजय ने 41 गेंद में 4 चौका व 2 छक्का की मदद से 35, मनीष कुमार ने 10, मोहम्मद इजहार ने 1 रन बनाये।
मुंबई की ओर से धनित राउत ने 52 रन देकर 4,अर्थव भोंसले ने 63 रन देकर 4, सूर्यांश शेडगे ने 61 रन देकर 1 और हिमांशु सिंह ने 45 रन देकर 1 विकेट चटकाये।
मुंबई ने अपनी पहली पारी की शुरुआत अच्छे तरीके से की। पहले विकेट के लिए सलामी बैटर अंगृश रघुवंशी और आयुष महात्रे के बीच 61 रन की साझेदारी हुई। इस जोड़ी को मनीष कुमार ने तोड़ा। अंगृश रघुवंशी 22 रन बना कर आउट हुए। इसके बाद मनन भट्ट ने आयुष महात्रे का साथ दिया और आयुष ने अपना अर्धशतक पूरा किया पर उनकी लंबी पारी खेलने पर मनीष कुमार ने 11.1 ओवर में ब्रेक लगा दिया। आयुष 34 गेंद में 5 चौका व 4 छक्का की मदद से 52 रन बनाये और मुंबई ने पहले दिन की खेल समाप्ति पर 2 विकेट पर 90रन बना लिये हैं और बिहार से पहली पारी के आधार पर वह अभी 174 रन पीछे है। मनन भट्ट 5 और अर्थव भोंसले 7 रन बना कर क्रीज पर जमे हैं।
बिहार की ओर मनीष कुमार 21 रन देकर दो विकेट चटकाये।


