पटना, 2 फरवरी। आगामी 27 से 29 जनवरी 2026 तक महाराष्ट्र में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय कराटे प्रतियोगिता में बिहार के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण सहित कुल चार पदक जीतकर राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविन्द्रण शंकरण ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान बिहार के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में शानदार खेल का प्रदर्शन किया। सौम्या शाश्वत ने 64 किग्रा भारवर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि अनन्या सिंह ने 68 किग्रा, युवराज आदर्श ने 54 किग्रा और सिद्धार्थ वर्मा ने 82 किग्रा भारवर्ग में कांस्य पदक जीतकर बिहार के पदक खाते को मजबूत किया।

उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार टीम के साथ बालक वर्ग के कोच आकाश कुमार, बालिका वर्ग की कोच उन्नति राज तथा हेड कोच सह दल प्रबंधक रामसिंह यादव मौजूद रहे, जिनके कुशल मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने यह उपलब्धि हासिल की।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों एवं कोचिंग स्टाफ को इस उल्लेखनीय सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की कामना की है।