हाजीपुर, 3 फरवरी। वैशाली जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित राजीव प्रताप मेमोरियल वैशाली जिला क्रिकेट लीग के अहम मुकाबले में बिहार क्रिकेट अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बीवाईसी क्लब को 130 रनों से पराजित कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बिहार क्रिकेट अकादमी की शुरुआत साधारण रही। सलामी बल्लेबाज तेजस्वी 4 रन और अंकित 31 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद मध्यक्रम में अभिषेक आनंद ने जबरदस्त बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए नाबाद 169 रन की ऐतिहासिक पारी खेली। उनका अच्छा साथ वैभव (36 रन) और आदित्य आनंद (नाबाद 45 रन) ने दिया।
बिहार क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित 30 ओवर में 3 विकेट खोकर 299 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। बीवाईसी क्लब की ओर से आकाश, याकूब और मनी ने 1–1 विकेट हासिल किया।
300 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीवाईसी क्लब की शुरुआत ठीक रही। मयंक (28 रन) और प्रियेश (26 रन) ने टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन इनके आउट होने के बाद बल्लेबाजी क्रम बिखर गया। आकाश (नाबाद 45 रन) और अंशुमन (15 रन) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज प्रभाव नहीं छोड़ सका। बीवाईसी क्लब की टीम 30 ओवर में 8 विकेट खोकर 169 रन ही बना सकी।

बिहार क्रिकेट अकादमी की ओर से आदित्य आनंद ने 3 विकेट झटके, जबकि ऋतिक को 1 सफलता मिली। मुकाबले में चार बल्लेबाज रन आउट भी हुए।
शानदार प्रदर्शन के लिए अभिषेक आनंद को रवि सिंह द्वारा मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया।
भास्कर फाउंडेशन की रोमांचक जीत
दिन के दूसरे मुकाबले में क्रिकेट एकेडमी ऑफ राज इलेवन मैदान पर खेले गए मैच में भास्कर फाउंडेशन ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में यूथ क्रिकेट क्लब को 13 रनों से हराया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भास्कर फाउंडेशन के सलामी बल्लेबाज सौरव (22 रन) और रौशन (16 रन) जल्दी आउट हो गए। इसके बाद इशांत ने शानदार 100 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि सत्यम ने 61 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। टीम ने 30 ओवर में 7 विकेट पर 249 रन बनाए।
यूथ क्रिकेट क्लब की ओर से निशांत ने 3 विकेट और उज्जवल ने 2 विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूथ क्रिकेट क्लब की शुरुआत खराब रही। आदर्श बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि जयत ने 16 रन बनाए। मध्यक्रम में राहुल (51 रन), सूरज (42 रन) और यशराज चालीसा (40 रन) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
यूथ क्रिकेट क्लब ने 30 ओवर में 7 विकेट खोकर 236 रन बनाए।
भास्कर फाउंडेशन की ओर से सुजल और सत्यम ने 2–2 विकेट, जबकि समीर और नीतीश ने 1–1 विकेट लिया।
ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए सत्यम को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।