पटना, 12 फरवरी। सीनियर महिला एकदिवसीय ट्रॉफी प्लेट के अंतर्गत भुवनेश्वर के केआईआईटी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में बिहार ने मिजोरम को 159 रन से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की। टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में संतुलित प्रदर्शन किया।
वैदेही और यशिता की अर्धशतकीय पारियां
पहले बल्लेबाजी करते हुए बिहार ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 242 रन बनाए। वैदेही यादव ने 76 गेंदों पर 51 रन बनाकर पारी को संभाला, जबकि याशिता सिंह ने 80 गेंदों में 57 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। विकेटकीपर श्रुति गुप्ता ने 29 रन जोड़े और अंत में हर्षिता ने 25 गेंदों पर नाबाद 39 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
बिहार की अनुशासित गेंदबाजी
243 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मिजोरम की टीम बिहार की सटीक गेंदबाजी के सामने 42 ओवर में 83 रन पर सिमट गई। फेलफेल पौटू ने 27 और जोतन संगी ने 16 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज टिक नहीं सके।

बिहार की ओर से अपूर्वा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 7 ओवर में 5 मेडन के साथ मात्र 10 रन देकर 3 विकेट लिए। प्रीति प्रिया ने 2 विकेट, रचना सिंह, वैदेही यादव और खुशबू कुमारी ने 1-1 विकेट हासिल किया।

टीम प्रदर्शन की सराहना
इस जीत पर बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने टीम और सहयोगी स्टाफ को बधाई दी और इसे लगातार चौथी जीत बताते हुए खिलाड़ियों के अनुशासित और सामूहिक प्रदर्शन की सराहना की। बिहार महिला टीम का अगला मुकाबला सिक्किम के खिलाफ खेला जाएगा और टीम जीत की लय को बरकरार रखना चाहेगी।
इन्हें भी पढ़ें
कैमूर जिला क्रिकेट लीग में राजू प्लेयर ऑफ द मैच
पूर्वी चंपारण जिला क्रिकेट लीग मेन राजा बाजार सीसी विजयी
मधुबनी जिला क्रिकेट लीग के सुपर लीग के मुकाबले 14 फरवरी से
पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में एलायंस सीसी की बड़ी जीत
पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में पार्थ पर भारी पड़े अयान