पटना। खगड़िया का चुनाव करने पहुंचे बिहार क्रिकेट संघ के पर्यवक्षेक प्रकाश कुमार सिंह ने खगड़िया जिला क्रिकेट संघ के चुनाव को अवैध घोषित करने की मांग बीसीए से की है। उन्होंने इसकी रिपोर्ट बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के सीईओ से लेकर तमाम पदाधिकारियों को भेज दी है।
बिहार क्रिकेट संघ के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उन्होंने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि यह लोढ़ा कमेटी के अनुसार नहीं हुआ है। साथ ही चुनाव के दौरान शक्तिबल का प्रयोग किया है जिससे चुनाव के स्वच्छ होने पर संदेह है।
यह है वह ईमेल की कॉपी जो प्रकाश कुमार सिंह ने बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों को भेजी है। हालांकि खेलढाबा इस ईमेल के कटेंट की सत्यता की बात नहीं करता है।
सेवा में
सीईओ
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन
बिहार, पटना
विषय: दिनांक 21 अगस्त 2022 को हुए खगड़िया जिला क्रिकेट संघ के चुनाव में हुई अनियमितता, अवैध संचालन और भयावह स्थिति पर रिपोर्ट प्रेषित।
महोदय, मैं प्रकाश कुमार सिंह सचिव, वैशाली जिला क्रिकेट संघ निवेदन पूर्वक सूचित कर रहा हूं कि, मुझे दिनांक 21 अगस्त 2022 को खगड़िया जिला क्रिकेट संघ के चुनाव के लिए बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के द्वारा पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था। इस चुनाव के संबंध में सूचित करना है कि यहां हो रहे चुनाव में अनियमितता चरम पर रही तथा चुनाव का अवैद्य संचालन हुआ और मतदान स्थल (पाल रेस्ट हाउस, खगड़िया) पर भय का माहौल व्याप्त रहा। उक्त संदर्भ में निम्नांकित बिन्दुओं से अवगत कराना अति आवश्यक है:
1: सबसे पहले मैं जिस तकनिकी पहलू से अवगत कराना चाहता हूं, उस संदर्भ में कहना है कि सत्यापित मतदाता सूची को जिस तिथि को खगड़िया जिला क्रिकेट संघ को दिया गया था, उससे पूर्व की तिथि में नामांकन किया गया पाया, इसे घोर अनियमितता मानी जाएगी।
चुनाव के संचालन में लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन नहीं किया जा रहा था, जिसे अवैध संचालन कहा जाएगा।
चुनाव स्थल पर भय का माहौल व्याप्त था, जिससे कोई भी मतदाता निर्भीक होकर मतदान नहीं कर पा रहा था, मतदाताओं पर अवांछित लोगों के द्वारा मतदान स्थल पर हीं दवाब बनाया जा रहा था और इस के विरुद्ध चुनाव कार्य में लगे कोई भी व्यक्ति कुछ भी नहीं बोल पा रहे थे, क्योंकि मतदान स्थल पर परवत्ता के विधायक डा. संजीव कुमार जो कि अध्यक्ष पद पर खड़े थे, वो सभी उपस्थित व्यक्तियों पर भारी दवाब बनाए हुए रहे। सूचित हो कि प्रपत्रों की जांच के क्रम में डा. संजीव कुमार का नामांकन लोढ़ा कमेटी के अनुरुप अवैध पाया गया।
उपरोक्त परिस्थिति की पर्यवेक्षण के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि इस चुनाव को वैधानिक नहीं माना जाएगा, साथ हीं साथ हम खगड़िया के बजाए किसी अन्य स्थान पर शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव कराने की अनुषंसा करते हैं
प्रकाश कुमार सिंह
पर्यवेक्षक
खगड़िया जिला क्रिकेट संघ।
प्रतिलिपि:
1:अध्यक्ष, बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ।
2: माननीय लोकपाल, बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ।
3: त्रि सदस्यीय कमेटी को बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के द्वारा प्रेषित।
4: चुनाव पदाधिकारी, खगड़िया जिला क्रिकेट संघ।
5: तदर्थ कमेटी, खगड़िया जिला क्रिकेट संघ।
6: सभी प्रत्यासी गण ।