बेगूसराय, 19 मार्च। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) द्वारा आयोजित बीसीए मेंस अंडर-23 वनडे ट्रॉफी 2025-26 के सेंट्रल जोन के अंतर्गत सहरसा और समस्तीपुर के बीच खेले गए मैच में रनों की बारिश हुई जिसमें समस्तीपुर ने छह विकेट से बाजी मारी। इस मैच में सहरसा की ओर से कप्तान सत्यम कुमार (112) जबकि समस्तीपुर की ओर से कप्तान मोहम्मद आलम (नाबाद 114) और आदित्य कुमार (108) ने शतक जमाया।
मैच का सार
स्थानीय रिफाइनरी ग्राउंड पर खेले गए मैच में सहरसा ने टॉस जीत कर पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट पर 307 रन बनाये। जवाब में समस्तीपुर की टीम 32.4 ओवर में 4 विकेट पर 311 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया। मोहम्मद आलम को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
सहरसा ने खड़ा किया 300+ का स्कोर
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सहरसा की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 6 विकेट पर 307 रन बनाये। टीम की ओर से कप्तान सत्यम कुमार ने 131 गेंदों में 112 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। उनके अलावा अमन राज ने 51 रन, जबकि अभिषेक शर्मा ने नाबाद 54 रन और अविनाश कुमार बिट्टू ने 20 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
समस्तीपुर की ओर से गेंदबाजी में राम सुरेश सूरी और सुमन कुमार ने दो-दो और राहुल यादव और श्लोक सिंह ने 1-1 विकेट चटकाये।
समस्तीपुर की विस्फोटक बल्लेबाजी
308 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी समस्तीपुर की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की।
आदित्य कुमार ने मात्र 60 गेंदों में 108 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि मोहम्मद आलम ने 81 गेंदों में नाबाद 114 रन बनाकर मैच को एकतरफा बना दिया।
इसके अलावा यश राज ने 25 रन का योगदान किया। समस्तीपुर ने लक्ष्य को मात्र 32.4 ओवर में चार विकेट पर 311 रन बना कर आसानी से हासिल कर लिया। सहरसा की ओर से पुरुस्कर झा ने 3 और आयुष आनंद ने 1 विकेट चटकाये।
संक्षिप्त स्कोर
सहरसा : छह विकेट पर 307 रन (50 ओवर), सत्यम कुमार 112, अमन राज 51, अभिषेक शर्मा नाबाद 54, अविनाश कुमार बिट्टू नाबाद 20, रौशन कुमार 10, आयुष आनंद 19, अतिरिक्त 31, राहुल यादव 1/66, सुमन कुमार 2/48, श्लोक सिंह 1/44, राम सुरेश सूरी 2/29
समस्तीपुर : चार विकेट पर 311 रन, मोहम्मद आलम नाबाद 114,आदित्य कुमार 108, यश राज 25, शाश्वत वत्स नाबाद 10, पुरुस्कर कुमार झा 3/85, आयुष आनंद 1/26