भागलपुर, 3 फरवरी। भागलपुर जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में स्थानीय सैंडिस कंपाउंड में आयोजित भागलपुर जिला ए डिवीजन क्रिकेट लीग के अंतर्गत खेले गए मुकाबले में बाराहपुरा क्रिकेट क्लब ने दमदार प्रदर्शन करते हुए हिंदुस्तान क्रिकेट क्लब को 50 रनों से पराजित किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बाराहपुरा क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 35 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 228 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए मोहम्मद अरशद ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 52 गेंदों पर 79 रन (10 चौके) बनाए। उनके अलावा फैजान ने 46 रन, रिजवान रायन ने 25 रन तथा अंत में महसार क्रिकेट ने नाबाद 37 रनों की अहम पारी खेली।

हिंदुस्तान क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी में आदर्श कुमार ने 7 ओवर में 44 रन देकर 2 विकेट झटके। वहीं आनंद कुमार मिश्रा और वीरू सिंह को 1–1 सफलता मिली।
229 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिंदुस्तान क्रिकेट क्लब की टीम 31.1 ओवर में 178 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अमित सिंह ने संघर्षपूर्ण 67 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाजों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल सका।
बाराहपुरा क्रिकेट क्लब की गेंदबाजी बेहद प्रभावशाली रही। मोहम्मद अरशद ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 6 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट लिए। उनके साथ मोहम्मद हसन ने 7 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट और रिज़वान रायन ने 6.1 ओवर में 35 रन देकर 2 विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी।

शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मोहम्मद अरशद को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मैच में अंपायरिंग की जिम्मेदारी अभय कुमार और रतन कुमार ने निभाई, जबकि स्कोरर के रूप में सौरव कुमार और प्रतीक कुमार ने अपनी भूमिका अदा की।
दैनिक कार्यक्रम के अनुसार, लीग का अगला मुकाबला भागलपुर क्रिकेट अकादमी बनाम टीएनबी क्रिकेट क्लब के बीच परसों खेला जाएगा।