पटना। बिहार राज्य कबड्डी संघ के बैनर तले में भोजपुर जिला कबड्डी संघ के तत्वावधान में आरा के रमना मैदान पर बुधवार को 20वीं बिहार राज्य सबजूनियर (बालक व बालिका) कबड्डी चैंपियनशिप का शानदार आगाज हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन भोजपुर जिला के जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। आज खेले गए मैचों में पटना और बेगूसराय की टीमों ने दोनों वर्गों में जीत हासिल की।
इस मौके पर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि बिहार में खेल का बेहतर माहौल है। भोजपुर जिला प्रशासन खेलों के विकास के लिए अग्रसर है और हरसंभव मदद करने के लिए हमेशा तैयार है।
बिहार राज्य कबड्डी संघ के सचिव कुमार विजय सिंह ने कहा कि बिहार सरकार राज्य में खेल के विकास के लिए बेहतर कार्य कर रही है। धीरे-धीरे में बिहार में खेल के संसाधनों का विकास हो रहा है। खिलाड़ियों को नौकरी दी जा रही है जिससे उनका मनोबल ऊंचा हुआ है।

इस मौके पर भोजपुर के जिला खेल पदाधिकारी संजय कुमार समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। प्रतियोगिता के शुभारंभ से पहले सबों ने दो मिनट का मौन रख कर अंतरराष्ट्रीय कबड्डी संघ, एशियन कबड्डी संघ और अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष स्व. जर्नादन सिंह गहलौत को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सबों का स्वागत भोजपुर जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष विष्णु शंकर ने की जबकि धन्यवाद व्यक्त भोजपुर जिला कबड्डी संघ के सचिव मुकेश कुमार ने किया।
मैचों का संचालन बिहार राज्य कबड्डी संघ के रेफरी बोर्ड के चेयरमैन आनंद शंकर तिवारी की देखरेख 25 सदस्यीय तकनीक पदाधिकारी कर रहे हैं।

खेले गए मैचों के परिणाम इस प्रकार है-
बालक वर्ग : भोजपुर ने दरभंगा को 54-30,पटना ने गया को 48-25,मुंगेर ने नवादा को 53-38,बेगूसराय ने जमुई को 37-11,सीवान ने सुपौल को 48-25, मुंगेर ने लखीसराय को 59-46 से पराजित किया।
बालिका वर्ग : बेगूसराय ने मधेपुरा को 35-18, भागलपुर ने भोजपुर को 38-35,सीतामढ़ी ने सारण को 44-23,कटिहार ने बक्सर को 36-23, नवादा ने लखीसराय को 45-24, पटना ने जमुई को 46-17 से पराजित किया।