मुजफ्फरपुर, 7 फरवरी। स्थानीय खुदीराम बोस फुटबॉल मैदान में खेले गए पांचवें ललित विजय मेमोरियल राज्य स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में स्पोर्ट्स क्लब हर्नाटांड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नासा फुटबॉल क्लब सिवान को 2–0 से पराजित कर चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
मुख्य अतिथियों की उपस्थिति में हुआ फाइनल मुकाबले का उद्घाटन
फाइनल मैच का उद्घाटन मुख्य अतिथि रंजन कुमार (माननीय विधायक, मुजफ्फरपुर नगर), कोमल सिंह (माननीय विधायक, गायघाट), बेबी कुमारी (माननीय विधायक, बोचहां) एवं बंशीधर बृजवासी (माननीय विधान परिषद सदस्य) द्वारा किया गया। विशिष्ट अतिथि के रूप में छाया देवी (ओनर, प्रभात जर्दा फैक्ट्री ओवरसीज), डॉ. मोनालिसा (उपमेयर, मुजफ्फरपुर), पंकज कुमार (निदेशक, जीडी मदर स्कूल) सहित अनेक गणमान्य लोग और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। टूर्नामेंट कमेटी की ओर से सभी अतिथियों को बुके, शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

शुरुआती मिनटों में हर्नाटांड़ का दबदबा
मैच की शुरुआत से ही स्पोर्ट्स क्लब हर्नाटांड़ ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। खेल के 9वें मिनट में जर्सी नंबर 14 वाजिद आलम ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को 1–0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 12वें मिनट में जर्सी नंबर 11 सूरज कुमार ने दूसरा गोल कर स्कोर 2–0 कर दिया। मध्यांतर तक स्पोर्ट्स क्लब हर्नाटांड़ दो गोल की बढ़त बनाए रहा।
दूसरे हाफ में भी जारी रहा संघर्ष
मध्यांतर के बाद दोनों टीमों ने बेहतर खेल दिखाया और गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन किसी भी टीम को सफलता नहीं मिली। पूरे मैच के दौरान दर्शकों को रोमांचक और संघर्षपूर्ण फुटबॉल देखने को मिला। अंततः निर्धारित समय के खेल के बाद स्पोर्ट्स क्लब हर्नाटांड़ ने 2–0 से जीत दर्ज कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
सूरज कुमार बने बेस्ट प्लेयर, हर्नाटांड़ को कई पुरस्कार
टूर्नामेंट के बेस्ट प्लेयर का खिताब स्पोर्ट्स क्लब हर्नाटांड़ के सूरज कुमार को प्रतीक चिन्ह एवं ₹1100 नकद राशि के साथ प्रदान किया गया। बेस्ट-22 का पुरस्कार वाजिद आलम को प्रतीक चिन्ह एवं ₹500 नकद राशि दी गई। बेस्ट गोलकीपर का पुरस्कार अमित कुमार को प्रतीक चिन्ह एवं ₹1100 नकद राशि के साथ मिला। वहीं, टूर्नामेंट में सर्वाधिक गोल करने के लिए गोल्डन बूट पुरस्कार भी सूरज कुमार को प्रदान किया गया।
निर्णायक और आयोजकों का सम्मान
मैच में निर्णायक की भूमिका राहुल कुमार ने निभाई, जबकि सहायक निर्णायक के रूप में दीपक कुमार और नीतीश कुमार मौजूद रहे। फोर्थ ऑफिशियल के रूप में रमेश कुमार ने जिम्मेदारी संभाली। फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में डॉ. रितेश रंजन ने अपनी भूमिका निभाई। पुरस्कार वितरण समारोह में पूरे टूर्नामेंट के निर्णायकों एवं फिजियोथेरेपिस्ट टीम को भी सम्मानित किया गया।
विजेता और उपविजेता को नकद पुरस्कार
विजेता टीम स्पोर्ट्स क्लब हर्नाटांड़ को ट्रॉफी के साथ ₹15,000 नकद पुरस्कार दिया गया, जबकि उपविजेता नासा फुटबॉल क्लब सिवान को ट्रॉफी के साथ ₹10,000 नकद राशि प्रदान की गई। टूर्नामेंट के सफल समापन के बाद टूर्नामेंट सचिव अनिल कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
