पटना, 2 फरवरी। स्थानीय श्रीकृष्ण स्टेडियम में चल रहे लक्ष्मण सिंह स्मृति अंडर-15 अंतर विद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट में 2 फरवरी यानी सोमवार को खेले गए मैच में दबंग और थंडरबोल्ट ने जीत हासिल की। दबंग ने फाइटर्स को 120 रन के बड़े अंतर जबकि थंडरबोल्ट ने कप्तान साहिल कुमार की जिम्मेदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत वारियर्स को 7 विकेट से हराया।
दबंग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। ओपनर रूणीत सिन्हा और कप्तान संकु कुमार ने फाइटर्स के गेंदबाजों पर शुरू से ही दबाव बना दिया। रूणीत ने 43 गेंदों में 2 छक्के और 9 चौकों की मदद से 62 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान संकु ने मात्र 77 गेंदों पर 9 छक्के और 20 चौकों की बदौलत 156 रन ठोक दिए। दोनों की विस्फोटक बल्लेबाजी से दबंग ने निर्धारित 20 ओवर में 2 विकेट पर 246 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी फाइटर्स की टीम दबंग के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही और निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 126 रन ही बना सकी। दबंग के गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ से विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। शानदार शतकीय पारी और कप्तानी प्रदर्शन के लिए दबंग के कप्तान संकु कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
संक्षिप्त स्कोर
दबंग: 20 ओवर में 2 विकेट पर 246 रन, रूणीत सिन्हा 62, शंकू राजेश कुमार 156, आदर्श राज नाबाद 12, अतिरिक्त 14, शुभ सिंह 1/68, प्रणीत 1/31
फाइटर्स: 20 ओवर में 9 विकेट पर 126 रन, राज आनंद 29, रोहित कुमार 27, साहिल कुमार 16, श्याम 14, अतिरिक्त 21, शुभम 3/26, अनमोल तिवारी 2/10, हर्ष राज 1/36, पियूष राज 1/19, हर्ष 1/21
दूसरा मैच
दूसरे मुकाबले में थंडरबोल्ट ने कप्तान साहिल कुमार की जिम्मेदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत वारियर्स को 7 विकेट से शिकस्त दी। मैच में वारियर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। ओपनर शुभम घोष ने एक छोर संभालते हुए 52 रन की उपयोगी अर्धशतकीय पारी खेली। कप्तान आयुष यादव (21) और रोहन सिंह (20) ने भी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में योगदान दिया। हालांकि थंडरबोल्ट के गेंदबाजों ने मध्य ओवरों में नियमित अंतराल पर विकेट चटकाकर वारियर्स को बड़े स्कोर से रोक दिया। वारियर्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 156 रन ही बना सकी।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी थंडरबोल्ट की शुरुआत सधी हुई रही। कप्तान साहिल कुमार ने टीम की कमान अपने हाथों में लेते हुए 55 रन की शानदार पारी खेली, जबकि आशीष ने 32 रन बनाकर उनका अच्छा साथ निभाया। दोनों बल्लेबाजों की साझेदारी ने मैच को थंडरबोल्ट के पक्ष में मोड़ दिया। टीम ने 17.1 ओवर में ही 7 विकेट खोकर 157 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस तरह तीन विकेट से मैच अपने नाम कर अंतिम चार में प्रवेश किया. विजेता टीम के साहिल को प्लेयर आफ द मैच का नीतू राय व प्रिया शर्मा ने संयुक्त रूप से प्रदान किया।
संक्षिप्त स्कोर
वारियर्स: 20 ओवर में 9 विकेट पर 156 रन, शुभम घोष 52, आयुष यादव 21, रोहन सिंह 20, अतिरिक्त 34, हिमांशु 3/25, श्रेयांश शर्मा 2/22, सुजल राज 1/27, अभिनव राज 1/34, विश्वजीत आनंद 1/15
थंडरबोल्ट: 17.1 ओवर में 7 विकेट पर 157 रन, साहिल कुमार 55, आशीष 32, हिमांशु 13, अतिरिक्त 38, आयुष यादव 2/23, अमनदीप सिंह 1/41, यशस्वी 1/24, प्रांजल सिंह चौहान 1/12, रोहन सिंह 1/13, प्रत्युष शर्मा 1/1.