सी. के. नायडू ट्रॉफी प्लेट (अंडर-23) के तहत सोविमा क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मल्टी-डे मुकाबले में बिहार अंडर-23 टीम ने नागालैंड अंडर-23 को पारी और 198 रनों से करारी शिकस्त देकर टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। यह मुकाबला 30 जनवरी से 2 फरवरी 2026 तक खेला गया।
पहली पारी में बिहार का विशाल स्कोर
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए बिहार ने धैर्यपूर्ण और आक्रामक खेल का शानदार मिश्रण दिखाया। टीम ने 157.3 ओवर में 8 विकेट पर 714 रन बनाकर पारी घोषित की।
इस ऐतिहासिक स्कोर की नींव पृथ्वी राज की दोहरी शतकीय पारी ने रखी, जिन्होंने नागालैंड के गेंदबाज़ों पर लगातार दबाव बनाए रखा। उनके अलावा प्रशांत कुमार और विकेटकीपर बल्लेबाज़ शशांक उपाध्याय ने शतक जमाए, जबकि दीपक और आदित्य के अर्धशतकों ने बिहार को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

नागालैंड की पहली पारी लड़खड़ाई
बिहार के गेंदबाज़ों की सटीक और अनुशासित गेंदबाज़ी के सामने नागालैंड की टीम पहली पारी में मात्र 57.1 ओवर में 158 रन पर सिमट गई। विशाल बढ़त के चलते बिहार ने नागालैंड को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर कर दिया।
दूसरी पारी में संघर्ष, पर नतीजा नहीं बदला
फॉलोऑन के बाद नागालैंड की ओर से सुजल प्रसाद ने 232 गेंदों पर 153 रनों की जुझारू पारी खेली, वहीं केनेइज़ेतुओ रियो ने 237 गेंदों पर 64 रन जोड़े। बावजूद इसके, पूरी टीम 117.2 ओवर में 358 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

सूरज कश्यप की कप्तानी पारी
बिहार के कप्तान सूरज कश्यप ने गेंद से मैच पर पूरी तरह पकड़ बनाए रखी। उन्होंने दूसरी पारी में 31 ओवर में 7 मेडन के साथ 70 रन देकर 6 विकेट झटके। इसके अलावा पृथ्वी राज को 2 विकेट मिले, जबकि सुमन कुमार और आदित्य राज ने 1-1 सफलता हासिल की। पूरे मैच में सूरज कश्यप ने कुल 9 विकेट लेकर सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज़ रहे।
फाइनल में बिहार, संघ ने दी बधाई
इस शानदार जीत के साथ बिहार अंडर-23 टीम ने सी. के. नायडू ट्रॉफी प्लेट अंडर-23 के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। टीम की इस उपलब्धि पर बिहार क्रिकेट संघ के अध्यक्ष श्री हर्षवर्धन ने खिलाड़ियों, सहयोगी स्टाफ और टीम प्रबंधन को बधाई देते हुए फाइनल के लिए शुभकामनाएँ दीं।
वहीं, बीसीए सचिव श्री ज़ियाउल अर्फ़ीन ने भी पूरे बीसीए परिवार की ओर से टीम को शुभकामनाएँ देते हुए उम्मीद जताई कि बिहार की टीम फाइनल में भी इसी जोश और अनुशासन के साथ विजयी प्रदर्शन करेगी।