पटना, 13 जनवरी। महामना मालवीय मिशन, बिहार इकाई, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, क्रीड़ा भारती एवं हॉकी एसोसिएशन ऑफ बिहार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली बालक-बालिका अंडर-16 लीग मैचों की तीन दिवसीय महामना हॉकी गोल्ड कप 2026 प्रतियोगिता के शुभंकर एवं ट्रॉफी का अनावरण मंगलवार को परिवहन विभाग कार्यालय, विश्वेश्वरैया भवन में किया गया।
शुभंकर एवं ट्रॉफी का संयुक्त रूप से अनावरण ग्रामीण विकास सह परिवहन मंत्री, बिहार सरकार श्रवण कुमार, पूर्व विधायक राजेश्वर राज तथा महामना मालवीय मिशन, बिहार इकाई के अध्यक्ष सह आयोजन समिति के सचिव एवं हॉकी एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव श्री राणा प्रताप सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मीडिया को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, राजगीर में 19 से 21 जनवरी 2026 तक इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देशभर से प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में पूर्व ओलंपियन अशोक ध्यानचंद भी उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बिहार अन्य क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रहा है, उसी प्रकार खेल के क्षेत्र में भी राज्य निरंतर आगे बढ़ रहा है। राष्ट्रीय खेल हॉकी में बिहार के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करें, इस दिशा में महामना मालवीय मिशन, बिहार इकाई का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए महामना हॉकी गोल्ड कप 2026 के आयोजन सचिव श्री बिपिन कुमार सिंह ने कहा कि बिहार में पहली बार महामना मालवीय मिशन, बिहार इकाई द्वारा राष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में बिहार सहित अन्य राज्यों के अंडर-16 वर्ग के हॉकी खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1,00,000, उपविजेता को 75,000, तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 25,000 पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त प्रत्येक लीग मैच में बेस्ट खिलाड़ी को 5,000 का पुरस्कार दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बिहार के युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी के रूप में तैयार करना है।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी हॉकी एसोसिएशन ऑफ बिहार के संयोजक गौतम कुमार सिन्हा ने दी।