रांची, 11 जनवरी। 69वीं राष्ट्रीय स्कूली ताइक्वांडो प्रतियोगिता में झारखंड की उभरती हुई खिलाड़ी अनुष्का कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 बालिका वर्ग (38 किलोग्राम से अधिक भारवर्ग) में कांस्य पदक जीतकर राज्य को गौरवान्वित किया।
पंजाब के लुधियाना में हुआ आयोजन
यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 6 से 11 जनवरी तक पंजाब के लुधियाना स्थित जी.एस.एस.एस.एस. हॉल में आयोजित की गई। झारखंड की टीम ने इस प्रतियोगिता में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के नेतृत्व में भाग लिया।
मुकाबला दर मुकाबला शानदार प्रदर्शन
अनुष्का कुमारी ने अपने अभियान की शुरुआत दमदार अंदाज़ में की। पहले मुकाबले में उन्होंने तमिलनाडु की खिलाड़ी को 2–0 से हराया। इसके बाद दूसरे राउंड में उत्तराखंड की खिलाड़ी को भी 2–0 से पराजित किया।
क्वार्टर फाइनल में दिल्ली की खिलाड़ी को 2–0 से मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और राज्य के लिए पदक सुनिश्चित किया। सेमीफाइनल में सीबीएसई की खिलाड़ी के खिलाफ कड़े संघर्ष में अंतिम क्षणों में 1–2 से पराजित होकर अनुष्का ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
अधिकारियों और कोचिंग स्टाफ का योगदान
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने अनुष्का की उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सफलता झारखंड ही नहीं, बल्कि राज्य की हजारों बालिकाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प से राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त की जा सकती है।
इस उपलब्धि में कोच रमेश गिरी, मैनेजर क्वीन ठाकुर तथा एच.ओ.डी. एम. मोदस्सर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
बधाइयों का तांता
इस शानदार सफलता पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग सहित राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने अनुष्का कुमारी को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।