पटना, 17 दिसंबर। 47वीं राष्ट्रीय जूनियर बालक हैंडबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने वाली बिहार टीम का 15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर शेरपुर, मनेर में बुधवार से शुरू हुआ। दिल्ली के पीतमपुरा में आगामी 10 से 14 जनवरी तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता के लिए बिहार टीम का चयन 13 दिसंबर को शेरपुर स्थित इंदर सिंह उच्च विद्यालय के क्रीड़ा मैदान में हुआ था। चयन प्रक्रिया में बिहार के विभिन्न जिलों से एक सौ से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।
चयनित 20 खिलाड़ियों का प्रशिक्षण डिस्कवरी फॉर लर्निंग स्कूल, शेरपुर मनेर में शुरू हुआ। शिविर का विधिवत उद्घाटन शीला पंडित (सदस्य, बिहार बाल अधिकार संरक्षण आयोग, पटना) और निखिल आनंद (राष्ट्रीय महामंत्री, ओबीसी मोर्चा, भाजपा) ने किया।
इस अवसर पर बिहार हैंडबॉल संघ के महासचिव ब्रजकिशोर शर्मा, पटना जिला कोषाध्यक्ष रविरंजन, प्रशिक्षण प्रभारी राष्ट्रीय खिलाड़ी चंदन कुमार और टीम प्रशिक्षक संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य खिलाड़ियों की तकनीक, फिटनेस और खेल रणनीति को सुधारकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन सुनिश्चित करना है।