पटना, 16 जून। बीसीए सीनियर मेंस क्रिकेट टूर्नामेंट सुपर लीग के अंतर्गत मुजफ्फरपुर के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में पीयूष कुमार सिंह के बाद पटना की ओर से हर्ष राज और कप्तान आकाश राज ने भी शतक जमाया। इन शतकों की मदद से पटना ने 125 ओवर में 3 विकेट पर 579 रन बना कर अपनी पहली पारी घोषित कर दी। हर्ष 157 रन और आकाश राज 100 रन बना कर नाबाद रहे। दूसरे दिन का खेल होने के समय तक मुजफ्फरपुर ने अपनी पहली पारी में 55 ओवर में चार विकेट पर 122 रन बना लिये हैं। अतुल प्रियंकर 9 और अभिनव आलोक 7 रन बना कर खेल रहे हैं।
स्थानीय मोइनुल हक स्टेडियम में चल रहे इस मुकाबले के दूसरे दिन पटना ने पहले दिन के स्कोर 3 विकेट पर 368 रन से आगे खेलना शुरू किया। पहले दिन के नाबाद बल्लेबाज हर्ष राज और आकाश राज ने पारी को आगे बढ़ाया और शतक जमाते हुए रनों का पहाड़ कर दिया। पटना ने 3 विकेट पर 579 रन बना कर पारी घोषित की। दूसरे दिन पटना का कोई भी विकेट नहीं गिरा।
हर्ष राज ने 160 गेंद में 10 चौका व 7 छक्का की मदद से नाबाद 157 और आकाश राज ने 149 गेंद में 7 चौका व 1 छक्का की मदद से नाबाद 100 रन बनाये।
मुजफ्फरपुर की शुरुआत ठीक नहीं रही। सलामी बल्लेबाज चंद्रप्रकाश 10 रन बना कर आउट हो गए। इसके बाद शिवम और आदित्य कुमार भी ज्यादा कुछ नहीं कर पाये। शिवम 4 और आदित्य 5 रन बना आउट हुए। 35 रन पर तीन विकेट गिर चुके थे। अब जिम्मेवारी विकास रंजन और सलामी बैटर अंकित सिंह पर थी। यह जोड़ी देर जमती उसके पहले अभिनव सिंह ने विकास रंजन को पगबाधा आउट कर तोड़ दिया। विकास रंजन ने 20 रन बनाते हुए अंकित के साथ 42 रन की साझेदारी की। अंकित का साथ देने अभिनव आलोक आये। जब टीम का स्कोर 100 रन पहुंचा तो अंकित चोटिल होकर रिटायर हर्ट हो गए। उनकी जगह अतुल प्रियंकर गए। अभिनव आलोक 7 और अतुल प्रियंकर 9 रन बना कर क्रीज पर हैं। अंकित कुमार सिंह ने 44 रन बनाये हैं।
पटना की ओर से अनिभनव सिंह ने 3 और सूरज कश्यप ने 1 विकेट चटकाये।
संक्षिप्त स्कोर
पटना पहली पारी : 125 ओवर में 3 विकेट पर 579 रन पर घोषित,अनिमेष कुमार 85, पीयूष कुमार सिंह 192, आशीष कुमार 35,हर्ष राज नाबाद 157, आकाश राज नाबाद 100, राहुल किशोर 1/51, ठाकुर देवाशीष 1/147, नमन सिंह पराशर 1/123
मुजफ्फरपुर : 55 ओवर में 4 विकेट पर 122 रन, अंकित कुमार सिंह रिटायर हर्ट 44, चंद्र प्रकाश 10, विकास रंजन 20, अतिरिक्त 23,अभिनव सिंह 3/34, सूरज कश्यप 1/18
