पटना, 27 अक्टूबर। बिहार की महिला रग्बी टीम सेमीफाइनल में महाराष्ट्र को हराकर गोवा में चल रहे 37 वें नेशनल गेम्स 2023 के फाइनल में पहुंच गई है। फाइनल में बिहार का मुकाबला ओड़िशा की टीम से होगा। इस बात की जानकारी देते हुए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने कहा कि बिहार के खिलाड़ियों का प्रदर्शन काफी अच्छा हो रहा है और हमें पूरा भरोसा है इस बार हम ज्यादा से ज्यादा मेडल जीतने में कामयाब रहेंगे।

आगे श्री शंकरण ने बताया कि 25 अक्टूबर से 9 नवम्बर तक गोवा में चलने वाले 37 वें नेशनल गेम्स में 22 विभिन्न खेल विधाओं में बिहार के 208 महिला और पुरुष खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के साथ बिहार ओलंपिक एसोसिएशन के 15 अधिकारियों सहित कुल 223 लोग हिस्सा ले रहे हैं।

जिन खेल विधाओं में बिहार के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं उनमें से – एथलेटिक्स, तीरंदाजी, मुक्केबाजी, तलवारबाजी, रग्बी, साइकलिंग, जूडो, ताइक्वांडो, योगा, तैराकी, पैनकैक सिलाट, सेपक टाकरा, भारोत्तोलन, वुशु, ट्राइथलोन, मार्शल आर्ट, स्क्वैश, कुश्ती आदि प्रमुख हैं। बिहार के खिलाड़ियों को नेशनल गेम्स के लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा विशेष रूप से प्रशिक्षित कर तैयार किया गया है। इसके लिए विभिन्न खेलों के लिए की विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाए गए जैसे रग्बी और सेपक टाकरा के लिए आईआईटी बिहटा में, वुशु का मुजफ्फरपुर में, तीरंदाजी का पाटलिपुत्र खेल परिसर में विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाए गए थे।

नेशनल गेम्स में बिहार के खिलाड़ियों की भागीदारी और उनके बेहतर प्रदर्शन पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए बिहार के कला , संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री जितेंद्र कुमार राय, अपर मुख्य सचिव श्रीमती हरजोत कौर बम्हरा ,बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण तथा निदेशक सह सचिव पंकज राज ने सभी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें सफलता की अशेष शुभकामनाएं दीं।

