राइन रूहर (जर्मनी), 27 जुलाई। भारत की उभरती हुई एथलीट अंकिता ने रविवार को विश्व विश्वविद्यालय खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में रजत पदक अपने नाम किया। 23 वर्षीय अंकिता ने 9:31.99 सेकेंड का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय दर्ज किया, जो उनके पुराने रिकॉर्ड 9:39.00 सेकेंड से लगभग सात सेकेंड बेहतर है।
वह फिनलैंड की इलोना मारिया मोनोनेन (9:31.86 सेकेंड) से मात्र मिलीसेकेंड से पीछे रह गईं। जर्मनी की अदिया बुड्डे ने 9:33.34 सेकेंड में रेस पूरी कर कांस्य पदक हासिल किया।
इससे पहले शुक्रवार को अंकिता ने हीट 1 में 9:54.79 सेकेंड के समय से पहला स्थान हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया था।
अंकिता के पदक के साथ भारत के पदकों की कुल संख्या बढ़कर 9 हो गई है, जिसमें 2 स्वर्ण, 4 रजत और 3 कांस्य पदक शामिल हैं।
अन्य प्रमुख अपडेट:
भारतीय महिला 4×400 मीटर रिले टीम (अनखा बिजुकुमार, देवयानीबा जाला, रशदीप कौर, रूपल) ने 3:35.08 सेकेंड का सत्र का सर्वश्रेष्ठ समय निकाला लेकिन पांचवें स्थान पर रही।
इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक जर्मनी ने 3:29.68 सेकेंड के समय के साथ जीता।
रिले स्पर्धाओं में भारत की उम्मीदें अब पुरुषों की 4×400 मीटर, 4×100 मीटर और महिलाओं की 4×100 मीटर रिले पर टिकी हैं।
पैदल चाल स्पर्धाओं में भारत का प्रदर्शन निराशाजनक रहा, कोई भी एथलीट शीर्ष 10 में जगह नहीं बना सका, हालांकि कुछ ने व्यक्तिगत या सत्र का सर्वश्रेष्ठ समय निकाला।