पटना, 17 जून। भारतीय एथलेटिक्स संघ, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ एथलेटिक्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में 15 से 17 जून तक छत्तीसगढ़ के विलासपुर शहर के सम्पन्न 19वीं राष्ट्रीय यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप 19th National Youth Athletics Championships के अंतिम दिन बिहार के जमुई के रहने वाली वीरेंद्र कुमार यादव ने जैवलिन थ्रो स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। इस तरह बिहार ने इस प्रतियोगिता में कुल 3 रजत पदक अपने नाम किया।
बालक अंडर-18 में वीरेंद्र कुमार यादव ने 68.69 मीटर जैवलिन फेंक रजत पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक राजस्थान के दीपेश चौधरी ने 70.86 मीटर और कांस्य पदक हरियाणा के हिमांशु ने 68.60 मीटर भाला फेंक जीता। बिहार के शुभम कुमार (53.90 मीटर) 12वें नंबर पर रहे।
इससे पहले बिहार के पीयूष राज ने 400 मीटर दौड़ में 48.02 सेकेंड में पूरी कर रजत पदक अपने नाम किया था। इस इवेंट का स्वर्ण पदक ओड़िशा के बापी हांसदा (47.12 सेकेंड) जबकि कांस्य पदक तमिलनाडु के उबिन अनंथान (48.15 सेकेंड) ने जीता था।
बालक 100 मीटर का रजत पदक बिहार के प्रिंस कुमार ने 10.84 सेकेंड निकाल कर जीता था। झारखंड के पार्थ सिंह ने 10.68 सेंकेड निकाल कर स्वर्ण पदक जबकि महाराष्ट्र के आदी पुजारी ने 10.99 सेकेंड निकाल कर कांस्य पदक जीता था।
