Thursday, March 19, 2026
Home Slider Tokyo Olympic Badminton : पीवी सिंधू प्री क्वार्टर फाइनल में, प्रणीत बाहर

Tokyo Olympic Badminton : पीवी सिंधू प्री क्वार्टर फाइनल में, प्रणीत बाहर

by Khel Dhaba
0 comment

गत विश्व चैंपियन भारत की पीवी सिंधू ने बुधवार को यहां ग्रुप जे में हांगकांग की एनवाई चियुंग को हरा कर टोक्यो ओलंपिक की महिला एकल बैडमिंटन स्पर्धा के प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया लेकिन पुरुष एकल खिलाड़ी बी साई प्रणीत लगातार दूसरा मैच हारकर बाहर हो गये।

रियो ओलंपिक की रजत पदक विजेता सिंधू ने दुनिया की 34वें नंबर की खिलाड़ी चियुंग को 35 मिनट चले मुकाबले में 21-9 21-16 से हरा कर ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया। सिंधू की चियुंग के खिलाफ छह मुकाबलों में यह छठी जीत है।

पुरुष वर्ग में भारत के 13वें वरीय प्रणीत अपना सर्वश्रेष्ठ खेल नहीं दिखा पाये और नीदरलैंड के मार्क कालजोव से 40 मिनट तक चले मैच में सीधे गेम में 14-21, 14-21 से हार गये। यह उनकी ग्रुप डी में दूसरी हार थी।

कालजोव ग्रुप में शीर्ष पर रहकर नाकआउट दौर में पहुंचे। केवल ग्रुप का विजेता खिलाड़ी ही आगे बढ़ता है।

सिंधू ने मैच के बाद कहा, ‘‘दूसरे गेम में मैंने लय हासिल की और फिर जीत दर्ज की। यह काफी तेज मुकाबला था और मैंने कुछ गल्तियां भी की। मैंने अपनी रणनीति में बदलाव किया और चीजों पर नियंत्रण बनाने में सफल रही। बड़े मुकाबले से पहले इस तरह की परीक्षा महत्वपूर्ण होती है।’’

मंगलवार को चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी की पुरुष युगल जोड़ी ग्रुप ए में बेन लेन और सीन वैंडी की इंग्लैंड की जोड़ी को हराकर तीन में से दो मुकाबले जीतने के बावजूद क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रही थी।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights