मुंगेर, 18 जनवरी। मुंगेर जिले में 27 और 28 जनवरी 2026 को पार्वती देवी सब-जूनियर बिहार स्टेट बालक एवं बालिका खो-खो चैंपियनशिप 2025–26 का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता बिहार के उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी की पूज्य माताजी स्व. पार्वती देवी के नाम पर आयोजित की जा रही है।
इस चैंपियनशिप का मुख्य उद्देश्य भारतीय पारंपरिक खेल खो-खो को जमीनी स्तर पर, विशेषकर गांवों तक पहुंचाना और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देना है। प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी हरियाणा में होने वाली सब-जूनियर नेशनल खो-खो चैंपियनशिप 2025–26 में बिहार टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
आयोजन का स्थान और आयोजक
यह प्रतियोगिता खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार एवं मुंगेर जिला खो-खो संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगी। आयोजन स्थल संत मैरी इंग्लिश स्कूल, संग्रामपुर रहेगा। इस आयोजन में जनकल्याण शिव शक्ति हरिमोहन फाउंडेशन तथा आर्ट कल्चरल एंड यूथ स्पोर्ट्स डेवलपमेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया का भी सहयोग प्राप्त है।
खिलाड़ियों को मिलेगी पूरी सुविधा
खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव नीरज कुमार पप्पू ने बताया कि राज्य के विभिन्न जिलों से आने वाले खिलाड़ियों के लिए आवासन, भोजन, खेल मैदान और परिवहन की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस चैंपियनशिप में केवल खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार द्वारा आमंत्रित जिला टीमें ही भाग लेंगी। ऑन-द-स्पॉट किसी भी टीम की एंट्री स्वीकार नहीं की जाएगी।
चयन और पात्रता की शर्तें
इस प्रतियोगिता के आधार पर बिहार स्टेट सब-जूनियर बालक एवं बालिका खो-खो टीम का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी 31 जनवरी से 4 फरवरी 2026 तक हरियाणा में आयोजित 35वीं सब-जूनियर नेशनल खो-खो चैंपियनशिप 2025–26 में भाग लेंगे।
पात्रता के अनुसार खिलाड़ियों की आयु 4 फरवरी 2026 तक 14 वर्ष से कम होनी चाहिए, इंडेक्स 210 प्वाइंट के अंदर होना अनिवार्य है तथा सभी खिलाड़ियों का केकेएफआई और एनएसआरएस रजिस्ट्रेशन होना जरूरी है।
आयोजन की जिम्मेदारी
इस ऐतिहासिक आयोजन की सफलता की जिम्मेदारी मुंगेर जिला खो-खो संघ के सचिव, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हरिमोहन सिंह को सौंपी गई है। आयोजन को सफल बनाने के लिए एक विशेष मैनेजमेंट टीम का गठन भी किया गया है।