राजगीर (नालंदा),19 जनवरी। राजगीर के मैच कॉम्प्लेक्स में महामना हॉकी गोल्ड कप के तीन दिवसीय मुकाबलों का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में ग्रामीण विकास एवं सड़क परिवहन विभाग के मंत्री श्रवण कुमार, नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार और विधान परिषद सदस्य रीना यादव उपस्थित रहे। अतिथियों ने महामना मदन मोहन मालवीय के चित्र पर माल्यार्पण कर मशाल प्रज्वलन के साथ प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
बिहार में खेलों का उत्सव बढ़ा: श्रवण कुमार
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार के शासन में बिहार में खेल संस्कृति को अभूतपूर्व बढ़ावा मिला है। राजगीर, जो पहले शिक्षा का केंद्र माना जाता था, अब खेलों का भी बड़ा केंद्र बन चुका है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी और रग्बी मुकाबले आम दर्शकों के लिए सुलभ हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में राजगीर में क्रिकेट गतिविधियां शुरू होने से पर्यटन, परिवहन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
सांसद और एमएलसी का वक्तव्य
सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से बिहार में विकास की रफ्तार हर क्षेत्र में तेज हुई है। वहीं एमएलसी रीना यादव ने शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और परिवहन सभी क्षेत्रों में मौजूदा सरकार के कार्यों की सराहना की।
आयोजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
महामना मालवीय मिशन के अध्यक्ष विपिन सिंह ने बताया कि मिशन की बिहार इकाई द्वारा इस तरह का आयोजन पहली बार किया गया है, जिसे आगे हर वर्ष आयोजित किया जाएगा। उद्घाटन सत्र में नवोदय विद्यालय राजगीर की छात्राओं ने झिझिया, लखीसराय के उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने समा-चकाई, और असम की टीम ने बिहू लोकनृत्य की मनोहारी प्रस्तुति दी। इस अवसर पर बिहार खेल विश्वविद्यालय के कुलपति शिशिर सिन्हा सहित कई खेल पदाधिकारी मौजूद रहे।
महामना हॉकी गोल्ड कप: मैच परिणाम (पहला दिन)
बालिका वर्ग (6 मैच)
छत्तीसगढ़ बनाम बिहार – बिहार 1 गोल से विजयी
गोरखपुर बनाम बिहार – गोरखपुर 2 गोल से विजयी
बंगाल बनाम झारखंड – झारखंड 2 गोल से विजयी
बिहार बनाम झारखंड – झारखंड 3 गोल से विजयी
उत्तर प्रदेश बनाम छत्तीसगढ़ – 1-1 से ड्रा
बंगाल बनाम गोरखपुर – गोरखपुर 4 गोल से विजयी
बालक वर्ग (6 मैच)
झारखंड बनाम बंगाल – झारखंड विजयी
उत्तर प्रदेश बनाम उड़ीसा – उत्तर प्रदेश विजयी
बीएसएसए (बिहार) बनाम छत्तीसगढ़ – बिहार विजयी
असम बनाम बिहार – असम विजयी
बिहार बनाम बंगाल – बिहार विजयी