Wednesday, March 18, 2026
Home Latest स्वदेश लौटने के बाद प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं सिंधु

स्वदेश लौटने के बाद प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं सिंधु

by Khel Dhaba
0 comment

नई दिल्ली। बीडब्ल्यूएफ बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत कर इतिहास रचने वाली भारत की स्टार महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने स्वदेश लौटने के बाद मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर सिंधु के साथ मुलाकात की फोटो पोस्ट की है और फोटो के साथ लिखा है, यह भारत के लिए गर्व की बात है। एक चैम्पियन ने गोल्ड जीता। पीवी सिंधु से मिलकर खुशी हुई। उन्हें बधाई और उनके सुनहरे भविष्य के लिए शुभकामनाएं।

ओलंपिक रजत पदक विजेता सिंधु ने रविवार को स्विट्जरलैंड के बासेल में हुई बीडब्ल्यूएफ बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में दुनिया की चौथे नंबर की खिलाड़ी जापान की नोजोमी ओकुहारा को 21-7, 21-7 से हराकर चैम्पियनशिप में पहली बार स्वर्ण पदक जीता।

सिंधु टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनीं। वह इससे पहले इस टूर्नामेंट में लगातार दो बार (2017 और 2018) फाइनल में हारी थीं। लेकिन, इस बार उन्होंने इस गतिरोध को तोड़ा और बैडमिंटन में पहली भारतीय विश्व चैम्पियन बन गईं।

इससे पहले सिंधु केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू से भी मिलीं। रिजिजू ने कहा कि सिंधु ने बीडब्ल्यूएफ विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर भारत को गौरवान्वित किया है।
सिंधु मंगवार की सुबह भारत आईं। उन्होंने इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर संवाददाताओं से बात भी की।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights