इपोह, 27 नवंबर। Sultan Azlan Shah Cup 2025 सुल्तान अजलान शाह कप हॉकी के महत्वपूर्ण मुकाबले में भारत ने आखिरी क्वार्टर में सेल्वम कार्ति के विजयी गोल की मदद से न्यूजीलैंड को 3-2 से मात दी। इससे पहले भारत ने बुधवार को मेजबान मलेशिया को 4-3 से हराया था।
भारत की ओर से गोल करने वालों में अमित रोहिदास (4वें मिनट), संजय (32वें मिनट) और सेल्वम कार्ति (54वें मिनट) शामिल थे। न्यूजीलैंड के लिए जॉर्ज बेकर ने 42वें और 48वें मिनट में दो गोल किए।
मुकाबले की शुरुआत में न्यूजीलैंड ने मिडफील्ड में दबदबा बनाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंडरों ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया। भारत को पहला अवसर चौथे मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के रूप में मिला, जिसे अनुभवी रोहिदास ने गोल में बदल दिया। इसके बाद अभिषेक का शॉट कीवी गोलकीपर ने रोक लिया।
दूसरे क्वार्टर में न्यूजीलैंड को पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारतीय डिफेंस ने बेहतरीन बचाव किया। भारत ने कप्तान संजय के पेनल्टी कॉर्नर गोल के दम पर बढ़त दुगुनी कर ली। न्यूजीलैंड को मिले दो पेनल्टी कॉर्नर बेकार साबित हुए।
तीसरे क्वार्टर में पवन ने गोल के सामने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन उनकी एकाग्रता में कमी का फायदा उठाकर बेकर ने 42वें मिनट में न्यूजीलैंड के लिए गोल किया। चौथे क्वार्टर में उन्होंने दूसरा गोल करके स्कोर बराबर कर दिया।
भारत के विजयी गोल के लिए सेल्वम ने आखिरी सीटी बजने से लगभग छह मिनट पहले अभिषेक से पास लेकर स्कोर 3-2 किया।
अगला मुकाबला भारत का शनिवार को कनाडा के खिलाफ है।