रांची, 22 अक्टूबर। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि चौथी दक्षिण एशियाई (सैफ) सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 का आयोजन भव्य और सफल तरीके से किया जाए ताकि विश्व स्तर पर झारखंड की खेल क्षमता और आयोजन दक्षता को प्रदर्शित किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता की मेजबानी करना पूरे राज्य के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस आयोजन से झारखंड की खेल प्रतिभाएं वैश्विक मंच पर अपनी अलग पहचान बनाएंगी।
यह प्रतियोगिता 24 से 26 अक्टूबर तक रांची के मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित की जाएगी, जहां दक्षिण एशिया के सात देशों के शीर्ष एथलीट हिस्सा लेंगे।
राज्य के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार, सचिव मनोज कुमार और निदेशक शेखर जमुआर ने मुख्यमंत्री से उनके आवासीय कार्यालय में मुलाकात की और उन्हें 24 अक्टूबर को उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया।
मंत्री सुदिव्य कुमार ने मुख्यमंत्री को प्रतियोगिता की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा,
“झारखंड राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी करता रहा है। रांची में अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी राज्य के लिए गौरव की बात है। इसके सफल आयोजन से राज्य खेल के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकता है।”
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि खिलाड़ियों, दर्शकों और अतिथियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए ताकि आयोजन सुचारू और यादगार बन सके।