रांची, 4 नवंबर। झारखंड ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप मुकाबले में नागालैंड को पारी और 196 रनों से हराते हुए शानदार जीत हासिल की।
टीम की इस बड़ी जीत में कप्तान विराट सिंह की शतकीय पारी, शिखर मोहन का दोहरा शतक और अनुकूल रॉय की घातक गेंदबाजी का बड़ा योगदान रहा। तीन मैचों में दो जीत व 1 ड्रॉ के साथ झारखंड की टीम पूल ए में 15 अंक के साथ टॉप पर है
पहली पारी में शिखर मोहन का दोहरा शतक, विराट सिंह-कुशाग्र ने भी चमक बिखेरी
नागालैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो उसके लिए भारी साबित हुआ। झारखंड की ओर से ओपनर शिखर मोहन ने शानदार 207 रन (303 गेंद, 21 चौके, 3 छक्के) की ऐतिहासिक पारी खेली। कप्तान विराट सिंह ने भी जिम्मेदारी निभाते हुए 105 रन (163 गेंद) बनाए।
दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 253 रनों की साझेदारी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इसके बाद कुमार कुशाग्र ने 58 रन और रॉबिन मिन्ज़ ने 31 गेंदों में 75 रन की विस्फोटक पारी खेली। झारखंड ने 105 ओवर में 510/8 पर पारी घोषित की।
अनुकूल रॉय की फिरकी में फंसा नागालैंड, पहली पारी में चटकाये आठ विकेट
नागालैंड की पहली पारी झारखंड के स्पिन आक्रमण के आगे टिक नहीं सकी। अनुकूल रॉय ने करिश्माई गेंदबाजी करते हुए 8 विकेट झटके।
उनके सामने नागालैंड के बल्लेबाज पूरी तरह असहाय नजर आए। पहली पारी में नागालैंड 73.5 ओवर में सिर्फ 154 रन पर सिमट गई। इस दौरान झारखंड ने फॉलो-ऑन देने का फैसला किया।
दूसरी पारी में भी बिखरी नागालैंड की बल्लेबाजी
दूसरी पारी में भी नागालैंड के बल्लेबाज झारखंड के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके। हालांकि कप्तान आर जोनाथन ने संघर्षपूर्ण 50 रन बनाए और हेम ने 33 रनों की नाबाद पारी खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाज पूरी तरह नाकाम रहे। अनुकूल रॉय ने एक बार फिर शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके और कुल 13 विकेट अपने नाम किए। मनीषी ने भी 4 विकेट लेकर झारखंड की जीत सुनिश्चित कर दी। नागालैंड की पूरी टीम 160 रन पर ढेर हो गई।
झारखंड को मिला बोनस पॉइंट, रॉय ‘मैन ऑफ द मैच’
इस बड़ी जीत के साथ झारखंड को छह पॉइंट के अलावा एक बोनस पॉइंट भी मिला। टीम ने कुल सात अंक अर्जित किए जबकि नागालैंड को कोई अंक नहीं मिला। मैच के हीरो अनुकूल रॉय को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मैच से जुड़ी प्रमुख जानकारी
यह मुकाबला JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स, रांची में खेला गया।
नागालैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी।
अंपायर यशोधन गवणकर और एम अश्विन कुमार थे, जबकि मैच रेफरी आलिंद श्रीनिवास नायडू थे।
यह मैच 1 से 4 नवम्बर 2025 तक खेला गया।