रांची, 17 जनवरी। मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित वेटलिफ्टिंग हॉल में आयोजित 7वीं झारखंड राज्य वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हो गया। प्रतियोगिता में रांची जिला सबसे अधिक पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन के रूप में उभरा।
यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता जूनियर, यूथ एवं सीनियर—तीनों वर्गों में आयोजित की गई, जिसमें झारखंड के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में राज्य के अलग-अलग जिलों से लगभग 70 खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने स्नैच और जर्क दोनों वर्गों में तकनीकी दक्षता, शक्ति और संतुलन का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
समापन समारोह के अवसर पर उपस्थित अतिथियों द्वारा विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर अंतर्राष्ट्रीय महिला खिलाड़ी श्रीमती पुष्पा हस्सा, झारखंड वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष के डॉ. निशिकांत पाठक, आयोजन सचिव शिवेंद्र दुबे, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के मुख्य संयोजक धीर सेन सोरेंग, शैलेन्द्र पाठक, कन्हैया गुज्जर, निशित कुमार निशांत सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. निशिकांत पाठक ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि झारखंड में वेटलिफ्टिंग खेल के विकास की अपार संभावनाएँ हैं। राज्य के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे झारखंड की खेल पहचान मजबूत हो रही है।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में प्रदीप सिंह, महेश कुमार, कुणाल दीप, रंजीत मिश्रा, रेशमा कुमारी, श्रीमती पूनम मिश्रा, भदोनाथ, भीम मंजीत कौर सहित अन्य तकनीकी पदाधिकारियों की अहम भूमिका रही। सभी ने निष्पक्ष और सुचारू संचालन सुनिश्चित किया।
जिलावार पदक स्थिति इस प्रकार रही
रांची: 07 स्वर्ण, 01 रजत, 02 कांस्य
धनबाद: 01 स्वर्ण, 06 रजत, 04 कांस्य
बोकारो: 01 स्वर्ण, 02 रजत
रामगढ़: 02 स्वर्ण, 01 रजत
गढ़वा: 01 कांस्य
गिरिडीह: 01 स्वर्ण
सिमडेगा: 01 स्वर्ण, 01 कांस्य
गुमला: 01 रजत
साहिबगंज: 01 स्वर्ण