भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे 5वें टेस्ट का पहला दिन टीम इंडिया के नाम रहा। पहले दिन टीम इंडिया ने 7 विकेट खोकर 338 रन बना लिए हैं। सबसे ज्यादा रन ऋषभ पंत ने बनाए। उन्होंने 146 रन की शानदार पारी खेली। रवींद्र जडेजा 83 रन बनाकर नाबाद हैं। ऋषभ पंत ने इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम टेस्ट मैच के पहले दिन अपने टेस्ट करियर का पांचवां शतक (Century) ठोका। दोनों ने छठे विकेट के लिए 200 से अधिक रन की साझेदारी की। इंग्लैंड की ओर से तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने 3 और मैथ्यू पाॅट्स ने 2 विकेट लिए।
मैच में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। इंग्लिश गेंदबाजों ने उनके फैसले को सही साबित किया। ओपनर बल्लेबाज शुभमन गिल 17 और चेतेश्वर पुजारा 13 रन बनाकर जेम्स एंडरसन का शिकार हुए। इसके बाद 23 साल के युवा तेज गेंदबाज मैथ्यू पॉट्स ने हनुमा विहारी और विराट कोहली के विकेट लेकर भारतीय टीम को करारा झटका दिया। विहारी ने 20 और कोहली ने 11 रन बनाए। 5वें नंबर पर उतरे श्रेयस अय्यर ने 11 गेंद पर 15 रन बनाए और 3 चौके जड़े। लेकिन वे भी अपनी पारी को बड़ी नहीं कर सके। वे एंडरसन का तीसरा शिकार हुए।