सीवान, 11 नवंबर। बिहार के सीवान जिले के चंदौर निवासी पदम विलोचन गिरी ने 5 से 9 नवंबर 2025 को चेन्नई में आयोजित 23वीं मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शॉट पुट, डिस्कस थ्रो और हैमर थ्रो में सिल्वर मेडल जीतकर बिहार और भारत का नाम एशियाई स्तर पर ऊंचा किया। यह उपलब्धि बिहार के लिए गौरव की बात है, जहां उन्होंने अकेले तीन मेडल हासिल किए।
अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां
पदम गिरी ने एशियन ग्रैंड प्रिक्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में चार बार, एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में एक बार और वर्ल्ड मिलिट्री गेम्स में हिस्सा लिया। 2007 में वे भारतीय सेना के पहले शॉट पुट खिलाड़ी बने जिन्होंने क्वालीफाई किया। उन्होंने 7.26 किग्रा के गोले को 18.77 मीटर की दूरी तक फेंका। चौथी सीआईएसएम वर्ल्ड मिलेट्री गेम्स 2007 हैदराबाद में भी उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा।
राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन
सीनियर नेशनल लेवल पर पदम गिरी ने 8 से 10 पदक जीते और बिहार के पहले शॉट पुट खिलाड़ी बने जिन्होंने राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर बुलंद किया।

कोचिंग में योगदान
इंजरी के बाद 2015 में पदम गिरी ने ग्वालियर रानी लक्ष्मी बाई फिजिकल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग प्राप्त किया। 2016 में उन्हें आर्मी रेड टीम थ्रोअर कोच के रूप में हैदराबाद में नियुक्त किया गया। इसके बाद उन्होंने आर्मी पारा एथलेटिक टीम में प्रशिक्षण दिया और 17वीं पारा नेशनल हरियाणा 2017 में 14 मेडल जीतकर शानदार शुरुआत की। उनके स्टूडेंट्स में से सीमा होकाटो ने 2024 ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल और सोनम राणा ने 2025 वर्ल्ड पारा में ब्रॉन्ज मेडल जीता।
सेना में पदोन्नति और रिटायरमेंट
2019 में उन्हें सूबेदार मेजर रैंक पर प्रमोट किया गया। नैनीताल और कारगिल में तैनाती के दौरान भी उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल जीतकर अपना दम दिखाया। 2022 में उन्हें हौनी लेफ्टिनेंट रैंक से रिटायर किया गया।
स्पोर्ट्स अकादमी और बिहार में योगदान
रिटायरमेंट के बाद उन्होंने सिवान में एक स्पोर्ट्स अकादमी खोली। 28 जुलाई 2022 को 88वीं बिहार स्टेट चैंपियनशिप में उनके अकादमी के छात्र 4 गोल्ड मेडल जीतने में सफल रहे। उनके स्टूडेंट अलका सिंह, जिसे “ड्रीम गर्ल ऑफ बिहार” कहा जाता है ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स पटना में गोल्ड मेडल जीता। उनके बेटे कौशल गिरी ने अक्टूबर 2025 में जूनियर नेशनल भुवनेश्वर में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।