मोतिहारी, 24 दिसंबर। मोइनुल हक कप फॉर 71वीं बिहार राज्य सीनियर फुटबॉल चैंपियनशिप में पटना के तौहिद का दे दनादन। मो तौहिद की हैट्रिक समेत चार गोल की मदद से पटना टीम ने इस टूर्नामेंट के फाइनल राउंड में जमुई को 6-0 से हरा कर अपना खिताबी अभियान शुरू किया।
अन्य मुकाबले में पूर्वी चंपारण ने ईसीआर, हाजीपुर को 2-1 से पराजित किया जबकि पश्चिमी चंपारण और बांका के बीच खेला गया मुकाबला 0-0 की बराबरी पर छूटा।
पूर्वी चंपारण फुटबॉल संघ के तत्वावधान में जिला के दो जगहों पर इस टूर्नामेंट के फाइनल राउंड का आयोजन किया जा रहा है।
चकिया के गांधी मैदान में खेले गए पूल बी के अंतर्गत जमुई के खिलाफ खेले गए मुकाबले में पटना का पलड़ा पूरी तरह भारी रहा। खेल के 24वें मिनट पर आरिफ ने पटना की ओर से गोल का खाता खोला। इसके बाद मोहम्मद तौहिद का जो देनादन शुरू हुआ वह पहले से लेकर दूसरे हाफ तक जारी रहा। खेल के 37वें, 46वें, 53वें और 54वें मिनट में तौहिद ने लगातार चार गोल दाग कर अपनी हैट्रिक पूरी करते हुए चार गोल दागे। खेल के 73वें मिनट में प्रिंस कुमार ने गोल कर पटना को 6-0 की बढ़त दिला दी जो अंत तक कायम रहा। पटना के तौहिद को वेस्ट प्लेयर का अवार्ड वार्ड पार्षद कन्नू ठाकुर ने दिया। इस मैच के रेफरी विशाल कुमार, नवीन उत्पल, दीपक कुमार और दिनेश कुमार गुप्ता थे।
पूल बी के अंतर्गत खेले गए एक अन्य मैच में पश्चिमी चंपारण बनाम बांका के बीच खेला जो गोल रहित बराबरी पर छूटा। बांका के स्नेह कुमार हांसदा को बेस्ट प्लेयर का पुरस्कार जबकि पश्चिमी चंपारण के कमलेश कुमार को बेस्ट डिफेंडर का पुरस्कार नगर परिषद अध्यक्ष पवन सर्राफ ने प्रदान किया। इस मैच के रेफरी राहुल कुमार, दीपक कुमार, मुकेश कुमार और दिनेश कुमार गुप्ता थे।

मोतिहारी के स्पोट्र्स क्लब में खेले गए पूल ए के मुकाबले में मेजबान पूर्वी चंपारण ने ईसीआर हाजीपुर को 2-1 से पराजित किया। खेल के 5वें मिनट में पूर्वी चंपारण के मोहम्मद सौहेल ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। खेल के 85वें मिनट में ईस्ट चंपारण के मोहम्मद रेहान ने गोल कर 2-0 की बढ़त दिलाई। इसके पांच मिनट बाद यानी 90वें मिनट में ईसीआर हाजीपुर के जयपाल ने गोल मैच को 1-2 पर ला कर अपनी अपनी टीम को थोड़ी राहत जरूर पहुंचाई। पूर्व चंपारण के सोनू कुमार, रेहाल आलम, विश्वजीत बाउरी और हाजीपुर के जयपाल और संजय कुमार को पीला कार्ड दिखाया गया। पूर्वी चंपारण के मोहम्मद रेहान आलम को प्लेयर ऑफ द मैच जबकि दीपेश कुमार को बेस्ट 22 प्लेयर का पुरस्कार दिया गया। इस मैच में रेफरी सुनील कुमार, अरुण हांसदा, सुमन कुमार शर्मा और अजीत कुमार थे।
25 दिसंबर के मैच
स्पोट्र्स क्लब मोतिहारी
पूर्वी चंपारण बनाम भोजपुर
पूर्णिया बनाम मुंगेर
गांधी मैदान, चकिया
पटना बनाम बिहार राज्य खेल प्राधिकरण


