लखनऊ। भारत की स्टार महिला क्रिकेटर मिताली राज ने रविवार को एक इतिहास रच दिया। वह एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 7000 रन पूरे करने वाली पहली महिला क्रिकेटर बन गई हैं।
भारतीय कप्तान मिताली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यहां चल रही शृंखला के चौथे एकदिवसीय के दौरान अपने 213वें मैच में सात हजार एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय रन पूरे किए।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने मिताली की उपलब्धि पर ट्वीट किया, ‘‘मैग्नीफिसेंट मिताली। टीम इंडिया की एकदिवसीय कप्तान 7000 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनी। क्या शानदार प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी।’’
वर्ष 1999 में अंतरराष्ट्रीय पदार्पण करने वाली 38 साल की मिताली एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 6000 रन पूरे करने वाली भी पहली महिला क्रिकेटर हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को 2016 में अलविदा कहने वाली इंग्लैंड की चार्लोट एडवर्ड्स 5992 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय रन के साथ सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं।
Magnificent Mithali! 🙌🙌#TeamIndia ODI skipper becomes the first woman cricketer to score 7⃣0⃣0⃣0⃣ ODI runs. 👏👏
— BCCI Women (@BCCIWomen) March 14, 2021
What a performer she has been! 👍👍@M_Raj03 @Paytm #INDWvSAW pic.twitter.com/qDa6KZymlg
मिताली ने चौथे वनडे में तेज गेंदबाज टुमी शेखुखुने की गेंद पर आउट होने से पहले 71 गेंद में 45 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके जड़े।
शुक्रवार को तीसरे वनडे के दौरान मिताली सभी प्रारूपों में 10000 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने वाली पहली भारतीय और कुल दूसरी महिला क्रिकेटर बनी थी।


