रांची। झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में शहर के जीएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे कार्बन झारखंड टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार (यानी 23 सितंबर) को खेले गए दूसरे मैच में धनबाद डायनामोज ने बोकारो ब्लास्टर्स को 7 रन से पराजित किया। इस जीत के बाद धनबाद डायनामोज और बोकारो ब्लास्टर्स के 16-16 अंक हो गए हैं। रन रेट के आधार पर अंक तालिका में धनबाद नंबर वन पर है। धनबाद के विकास कुमार को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।



धनबाद डायनामोज के कप्तान नजीम सिद्दिकी ने टॉस जीता और पहले बैटिंग करने का फैसला किया। पारी की शुरुआत नजीम सिद्दिकी और विशाल सिंह ने की और टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। इन दोनों के बीच कुल 60 रनों की साझेदारी हुई। इस जोड़ी को पी कुमार ने सिद्दिकी को आउट कर तोड़ा। इसके बाद साहिब रिजवी ने विशाल सिंह का साथ दिया पर वह ज्यादा देर तक विकेट पर नहीं टिक पाये और 9 गेंद में एक चौका व एक छक्का के सहारे 11 रन बना कर आउट हो गए। इसके बाद विशाल सिंह 22 रन बना कर पी यादव की गेंद पर कुमार कुशाग्रा द्वारा स्टंप किये। पारी लड़खड़ा गई। पुछल्ले बल्लेबाजों में विकास कुमार ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी और कौशल सिंह ने धैयपूर्ण खेल दिखा कर कर टीम का स्कोर निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 136 रन पहुंचा दिया। विकास कुमार ने 4 गेंद में तीन छक्कों की मदद से नाबाद 20, कौशल सिंह ने 11 गेंदों में एक चौका व एक छक्का की मदद से 14 रन बनाये। बोकारो की ओर से युवराज कुमार ने 21 रन देकर 1, आशीष कुमार जूनियर ने 12 रन देकर 1, प्रतीक रंजन ने 41 रन देकर दो, विकास सिंह ने 30 रन देकर 1, पंकज यादव ने 18 रन देकर 2 और प्रतीक कुमार ने 8 रन देकर 1 विकेट चटकाये।
जवाब में बोकारो ब्लास्टर्स की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज विकास विशाल और कुमार कुशाग्रा सस्ते में पवेलियन लौटे। इसके बाद आयुष भारद्वाज, पंकज यादव, कुमार देवब्रत और रंजनदीप सिंह और विकास सिंह ने अच्छी बैटिंग की पर टीम को जीत दिलाने में असफल रहे और उन्हें 7 रन से हार खानी पड़ी। आयुष भारद्वाज ने 12, पंकज यादव ने 16, कुमार देवब्रत ने 15, रंजनदीप सिंह ने 31 और विकास सिंह ने 27 रन बनाये। धनबाद की ओर से शुभम सिंह सीनियर ने 33 रन देकर 2, जय प्रकाश यादव ने 18 रन देकर 1, विकास कुमार ने 21 रन देकर 1, कौशल सिंह ने 1 रन देकर 1 और अभिषेक यादव ने 18 रन देकर 2 विकेट चटकाये।