राजगीर (बिहार), 4 सितंबर। भारत के दिग्गज ड्रैग फ्लिकर और कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गुरुवार को हीरो एशिया कप 2025 के सुपर 4 मुकाबले में मलेशिया के खिलाफ 250वां अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की।
अपने घरेलू दर्शकों के सामने यह मील का पत्थर हासिल करने पर हरमनप्रीत बेहद उत्साहित दिखे। उन्होंने टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन से 250वां जर्सी प्राप्त किया और कहा कि यह मेरे लिए बेहद खास और भावुक पल है। अपने कैरियर में मिले प्यार और समर्थन के लिए मैं आभारी हूं। भारतीय हॉकी की विरासत को आगे बढ़ाना मेरा लक्ष्य है।
हरमनप्रीत सिंह ने 2015 में भारतीय टीम से पदार्पण किया। उनके करियर में कई बड़ी उपलब्धियां शामिल हैं:
2015: जूनियर एशिया कप (स्वर्ण पदक)
2016: जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप (गोल्ड), लंदन चैंपियंस ट्रॉफी (रजत पदक)
2017: एशिया कप ढाका (स्वर्ण पदक), FIH हॉकी वर्ल्ड लीग (तीसरा स्थान)
2018: चैंपियंस ट्रॉफी नीदरलैंड्स (रजत), जकार्ता एशियाई खेल (कांस्य), मस्कट एशियन चैंपियंस ट्रॉफी (स्वर्ण)
2016 & 2020 & 2024: रियो, टोक्यो और पेरिस ओलंपिक (कांस्य पदक)
2023: एशियाई खेल (स्वर्ण), एशियन चैंपियंस ट्रॉफी (चेन्नई)
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने इस उपलब्धि पर हरमनप्रीत को बधाई दी और कहा कि भारत के लिए 250 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलना एक बड़ी उपलब्धि है। उनकी मेहनत और समर्पण युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी कहा कि हरमनप्रीत भारत का गर्व हैं। इतनी बार भारत के लिए खेलने के बावजूद उन्होंने हमेशा अपना 100% दिया है। यह एक अद्भुत उपलब्धि है।
हरमनप्रीत की यह उपलब्धि भारतीय हॉकी के इतिहास में एक माइलस्टोन के रूप में दर्ज होगी।