पटना। तृतीय खेलो इंडिया यूथ गेम्स अंडर-17 के बालक व बालिका कबड्डी स्पर्धा में कांस्य पदक जीत कर लौटे बिहार के खिलाड़ियों को आज सार्वजनिक समारोह में बिहार राज्य कबड्डी संघ के अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री के सलाहकार अंजनी कुमार सिंह ने सम्मानित किया।
पाटलिपुत्र स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स कंकड़बाग परिसर में आयोजित समारोह में सभी कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियों को शॉल, मोमेंटों व जल-जीवन-हरियाली का प्रतीक चिह्न एक-एक पौधा देकर मुख्यमंत्री के सलाहकार अंजनी कुमार सिंह ने सम्मानित किया।
इस मौके पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कबड्डी के माध्यम से भी आपके जीवन मे हरियाली आयेगी। आप लगन व ईमानदारी पूर्वक खेले, सरकार आपके साथ है। खेल में भी अब कैरियर बनता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से 19 जनवारी को होने वाले मानव शृंखला में भाग लेने को अपील की।
इस समारोह को बिहार सरकार के खेल निदेशक डॉ संजय सिन्हा ने संबोंधित करते हुए सभी खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करते रहने का सलाह दिया। पढ़ाई से ज्यादा मेहनत व लगन की जरुरत खेल में है। पाटलिपुत्र स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स में हम शीघ्र ही पांच खेलों का विशेष प्रशिक्षण केंद्र खोलेंगे। इसमें कबड्डी रहेगा।
समारोह में बिहार राज्य कबड्डी संघ के सचिव कुमार विजय ने अपने अध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह (मुख्यमंत्री के सलाहकार, बिहार सकार) और खेल निदेशक डॉ संजय सिन्हा को शॉल, मोमेंटो व पेड़ देकर सम्मानित किया। इन्होंने सभी का स्वागत किया। समारोह में मोइनुल हक स्टेडियम के मैनेजर अरुण कुमार सिन्हा, स्पोर्टोफाई बिहार के अध्यक्ष राजीव रंजन मिश्रा और प्रो कबड्डी लीग फेम रेफरी राणा रंजीत सिंह भी मंचासीन थे। संचालन अभिषेक कुमार (एथलेटिक्स कोच) ने किया।
सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों के नाम इस प्रकार हैं-
बालक वर्ग : निशांत कुमार, विशाल मौर्या, प्रदीप मिश्रा, प्रिंस राज, उत्तम कुमार, सुमित कुमार, सौरभ कुमार, अंकित, अमन राज, रौशन कुमार, अभिषेक कुमार, आशुतोष कुमार। कोच-रमेश कुमार यादव, मैनेजर-शिवशंकर।
बालिका वर्ग : सुरुचि कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, नैंसी प्रिया, रिया कुमारी, आरती कुमारी, शीतल कुमारी, कादंबरी कुमारी, शिल्पी कुमारी, श्वेता स्वराज, सुनिती कुमारी, मोनी कुमारी, नंदिनी कुमारी। कोच-भवेश कुमार, मैनेजर-श्वेता कुमारी।