पटना, 23 मार्च,2023। थ्रोबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया व थ्रोबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के बैनर तले थ्रोबॉल एसोसिएशन ऑफ गोपालगंज और शाइनिंग सोल्स (ट्रस्ट) की मेजबानी में आगामी 25 मार्च से 28 मार्च, 2023 तक गोपालगंज जिला के पंचदेवरी ब्लॉक स्थित स्मार्ट मूव अकादमी खेल मैदान पर होने वाली 44वीं सीनियर राष्ट्रीय (महिला व पुरुष) थ्रोबॉल चैंपियनशिप की तैयारियां को अंतिम रूप दिया जायेगा।
तैयारियों का जायजा आयोजन सचिव राहुल सिन्हा के साथ आयोजन समिति से जुड़े प्रमुख लोगों संतोष तिवारी,
मेराज अंसारी,धर्मेंद्र यादव,सुधाकर दीक्षित,मंटू कुशवाहा,मनीष कुमार,गौरव कुमार सिंह और ऋतिक कुशवाहा ने तैयारियों का मुआयना किया।
तैयारियों के बारे में जानकारी देते हुए आयोजन सचिव राहुल सिन्हा ने बताया कि स्मार्ट मूव एकेडमी को दुल्हन की तरह सजाया गया है। पूरे परिसर को दूधिया रोशनी से जगमग कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मैचों के लिए ग्राउंड का निर्माण तकनीकी पदाधिकारियों के सहयोग से किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बहेरबा बाजार पर आयोजन स्थल के आने तक लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। बहरेबा बाजार में तोरण द्वार लगाया गया है। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए खिलाड़ियों और तकनीकी पदाधिकारियों का आना शुरू हो चुका है। तमिलनाडु टीम गुरुवार की सुबह पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को लाने के लिए गोरखपुर, सीवान और गोपालगंज से परिवहन की उत्तम व्यवस्था की गई है। खिलाड़ियों को आयोजन स्थल से लेकर आवासन स्थल के लिए हर समय ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था की गई है।




