कराची। मिशेल स्टार्क के तीन विकेट की मदद से आस्ट्रेलिया ने सोमवार को यहां दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन थकी हुई पाकिस्तानी टीम पर पूरी तरह से शिकंजा कस दिया।
ऑस्ट्रेलिया के पहली घोषित पारी नौ विकेट पर 556 रन के जवाब में पाकिस्तानी टीम महज 148 रन के भीतर सिमट गयी जो दो दिन से ज्यादा समय तक क्षेत्ररक्षण करने के बाद 53 ओवर ही खेल सकी।
वर्ष 1998 के बाद पहली बार पाकिस्तान का दौरा कर रही ऑस्ट्रेलियाई टीम ने फॉलो ऑन नहीं दिया और स्टंप तक 17 ओवर में एक विकेट गंवाकर 81 रन बना लिये जिससे उसकी कुल बढ़त 489 रन की हो गयी। मार्नस लाबुशेन 37 और पहली पारी के शतकवीर उस्मान ख्वाजा 35 रन बनाकर खेल रहे थे।
पाकिस्तानी पारी में सबसे बड़ी साझेदारी अंतिम विकेट के लिये नौमान अली (नाबाद 20 रन) और शाहीन अफरीदी (19 रन) के बीच 30 रन की रही। पदार्पण कर रहे मिशेल स्वेपसन ने अफरीदी को पगबाधा आउट कर टीम की पारी खत्म की।
स्टार्क रावलपिंडी की निर्जीव पिच पर कोई विकेट नहीं झटक सके थे लेकिन इस बार उन्होंने बेहतरीन रिवर्स स्विंग हासिल की।
पाकिस्तानी पारी में कप्तान बाबर आजम (36) शीर्ष स्कोरर रहे जिन्हें लेग स्पिनर स्वेपसन ने आउट किया।
आस्ट्रेलिया के पहले सत्र में पहली पारी घोषित करने के बाद पाकिस्तान का बल्लेबाजी क्रम चरमरा गया था और चाय तक उसका स्कोर सात विकेट पर 100 रन था।