मोतिहारी, 24 अगस्त। पूर्वी चंपारण की एतिहासिक धरती पर बिहार राज्यस्तरीय मिनी बालक-बालिका हैंडबॉल चैंपियनशिप का आगाज हो गया। पटना, जहानाबाद, गया, शेखपुरा, पूर्वी चंपारण, बेगूसराय सहित सूबे की 22 से अधिक टीम पहुंची और खेल का शानदार प्रदर्शन किया।
स्थानीय जीवन पब्लिक स्कूल में शुरू इस प्रतियोगिता के बालक वर्ग के पहले मुकाबले में पटना ने जहानाबाद को 10-3 से हरा दिया। सारण ने भोजपुर पर 19-10 से जीत दर्ज की। पश्चिम चंपारण ने शेखपुरा पर 9-8 से रोमांचक जीत दर्ज की। बालिका वर्ग में पटना ने वेस्ट चंपारण को 8-1 से हराया। सारण ने बेगूसराय पर 7-1 से जीत दर्ज की। नवादा ने दरभंगा को 7-1 से पटखनी दी। पटना ने नालंदा को 4-1 से हरा दिया।
गौरतलब हो कि चैंपियनशिप लीग मैच पद्धति के आधार पर खेला जाएगा। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर संबंधित ट्रॉफी पर कब्जा कौन टीम जमा पाएगी। इसकी तस्वीर चैंपियनशिप के अंतिम दिन 26 अगस्त को साफ होगी।
इससे पहले बिहार हैंडबॉल संघ के महासचिव ब्रजकिशोर शर्मा, इस्ट चंपारण हैंडबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिमन्यु कुमार, कोषाध्यक्ष मंकेश्वर पांडेय, रोटरी क्लब के अध्यक्ष डॉ.विवेक गौरव, डॉ. धीरज राय शर्मा, चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव सुनील कुमार, जीवन पब्लिक स्कूल के निदेशक मनोज रंजन, बैडमिंटन स्टेट प्लेयर रविरंजन कुमार आदि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर उद्धाटन किया।



इससे पहले बच्चों ने मार्च पास्ट निकाला, जो आकर्षण का केंद्र रहा। बिहार हैंडबॉल संघ के सचिव ब्रजकिशोर शर्मा ने सूबे के विभिन्न जिलों से पहुंची मिनी बालक-बालिका वर्ग की टीम को खेल की नर्सरी बताया। कहा कि पूर्वी चंपारण गांधी की धरती है। जिस प्रकार गांधीजी ने पूर्वी चंपारण की एतिहासिक धरती से सत्याग्रह का शंखनाद किया था, हम उसी प्रकार पूर्वी चंपारण से हैंडबॉल खेल में क्रांति लाएंगे। पूर्वी चंपारण हैंडबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिमन्यु कुमार ने स्टेट चैंपियनशिप के आयोजन को एतिहासिक उपलब्धि बताया।

कोषाध्यक्ष मंकेश्वर पांडेय ने कहा कि खेल से टीम भावना विकसित होती है। खेल में एकाग्रता आवश्यक है। असफलता से घबराना नहीं चाहिए। निरंतर प्रयास से सफलता अवश्य मिलती है। डॉ. धीरज राय शर्मा ने खिलाड़ियों को जीत का मूलमंत्र बताया। कहा कि असफलता से घबराएं नहीं। मेहनत करें। सफलता अवश्य मिलेगी। उद्धाटन समारोह के बाद कई मैच हुए।

बिहार हैंडबॉल संघ के रेफरी के तौर पर चंदन कुमार, संजीव कुमार, अभिषेक कुमार सिंह, बब्लू कुमार, राजेश, आकाश, रवि आदि शामिल हुए। धन्यवाद ज्ञापन एसोसिएशन के सचिव विकास वत्स ने किया। मौके पर एसोसिएशन के संयुक्त सचिव परमेश्वर कुमार, वरीय खिलाड़ी मो. राजुल, दुर्गेश कुमार आदि उपस्थित थे।