पटना, 14 जनवरी। भुवनेश्वर में खेली जा रही सीनियर वीमेंस वनडे ट्रॉफी के अंतर्गत रविवार को खेले गए मैच में मिजोरम ने बिहार को 3 विकेट से पराजित किया। बिहार की यह लगातार छठी हार है। बिहार अपना अगला और अंतिम मुकाबला 16 जनवरी को कर्नाटक के खिलाफ खेलेगा।
भुवनेश्वर के केआईआईटी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में बिहार ने टॉस जीता और पहले बैटिंग करने का फैसला किया। कप्तान अपूर्वा कुमारी के 61 रन की मदद से बिहार ने निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट पर 157 रन बनाये। बिहार की ओर से अमीषा कुमार अंशु ने 26, कोमल पी कुमारी ने 16,अपूर्वा ने नाबाद 15 रन की पारी खेली।
मिजोरम की ओर से तरंग झा ने 25 रन देकर 3, रित मावी ने 20 रन देकर 2, जसिनता ने 29 रन देकर 2, ममता राय ने 19 रन देकर 1, वर्षा ने 32 रन देकर 1 विकेट चटकाये।
जवाब में मिजोरम ने 48 ओवर में सात विकेट पर 158 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया। इस जीत में एमपी सिंगसॉन की 36 रन की नाबाद पारी का बड़ा योगदान रहा। इसके अलावा कप्तान श्वेता ने 23, फेलफेल पौउटू ने 44, वनलाल रेम टीलुआंगी ने 14, तरंग झा ने 11, पुई पुई ने नाबाद 11 रन बनाये।
बिहार की ओर से प्रगति सिंह ने 27 रन देकर 2, अपूर्वा ने 31 रन देकर 1, रचना सिंह ने 31 रन देकर 1 विकेट चटकाये।

