35 C
Patna
Friday, September 20, 2024

बिहार खेल जगत के भीष्म पितामह कृष्णमोहन तिवारी नहीं रहे

मुजफ्फरपुर। बिहार खेल जगत में भीष्म पितामह कहे जाने वाले सह बेला स्टेट के मालिक कृष्णमोहन तिवारी का मंगलवार को निधन हो गया। उनकी तबीयत खराब चल रही थी। उन्हें शहर के ब्रह्मपुरा स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था जहां उन्होंने अंतिम सांस लीं।  वे 86 वर्ष के थे। वे अपने पीछे एक पुत्र व तीन पुत्री छोड़ गए है। उनके पुत्र प्रवीर तिवारी उर्फ राजू ने बताया उनका अंतिम संस्कार पहलेजाघाट पर किया गया।

कृष्ण मोहन तिवारी व मुजफ्फरपुर फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष, संयुक्त बिहार में बिहार वॉलीबॉल संघ के कोषाध्यष रह चुके हैं। वे स्व. मोइनुल हक साहब और स्व. सैयद एजाज हुसैन के काफी करीबी थे। उनके निधन की खबर आने के बाद मुजफ्फरपुर ही नहीं पूरे बिहार के खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

उनके करीबी मो. शोएब ने बताया कि बिहार ओलम्पिक एसोसिएशन के पूर्व सचिव पशुपति नाथ मेहता, रविन्द्र नारायण मेहता व सैयद एजाज हुसैन के काफी करीब रहे। स्व. तिवारी मुजफ्फरपुर स्पोर्ट्स एसोसिएशन व मुजफ्फरपुर फुटबॉल एसोसिएशन के संस्थापक सदस्य भी रहे। वे बिहार वालीबॉल एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष पद पर भी रहे। मुजफ्फरपुर क्लब और टाउन क्लब के भी सचिव थे। इसके अलावा युग सृजन के चेयरमैन रहे।

शहीद खुदीराम बोस खेल मैदान में वे फुटबॉल के हर मैच में मंच पर बैठे रहते थे। मुजफ्फरपुर के पहले मनोनीत सांसद श्रीनारायण मेहता से भी वे जुड़े रहे। हॉकी से लेकर विलियर्ड तक उनका जुड़ाव रहा। उन्हें भीष्म अवार्ड से सम्मानित भी किया गया था।

उनके निधन पर बिहार फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव सैयद इम्तियाज हुसैन, बिहार ओलम्पिक एसोसिएशन के सचिव मुश्ताक अहमद, मुजफ्फरपुर फुटबॉल संघ के चेयरमैन असगर हुसैन, संरक्षक डॉ. फिरोजुद्दीन फैज, बिहार एथलेटिक्स संघ के पूर्व उपाध्यक्ष अनिल सिन्हा, बिहार क्रिकेट संघ के पूर्व चेयरमैन पीएन सिन्हा समेत खेल जगत के अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने शोक व्यक्त किया है। खेलढाबा.कॉम परिवार भी ईश्वर से यही कामना करता है कि इस दुख की घड़ी को सहने की शक्ति उनके परिवार को प्रदान करे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest Articles

Verified by MonsterInsights