ग्रैंड स्लैम चैंपियन और दुनिया की नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी आर्यना सबालेंका ने सगाई कर ली है। उनके पार्टनर जॉर्जियोस फ्रांगुलिस ने फूलों और मोमबत्तियों से सजे खूबसूरत माहौल में घुटनों के बल बैठकर उन्हें एक बड़ा हीरा जड़ा अंगूठी पहनाकर प्रपोज किया।
बुधवार को हुए इस रोमांटिक प्रपोजल से सबालेंका पूरी तरह हैरान रह गईं। उन्होंने खुशी से अपना चेहरा हाथों से ढक लिया, जबकि ब्राजील के इस उद्यमी ने उन्हें शानदार डायमंड रिंग दिखाई। इसके बाद सबालेंका मुस्कुराते हुए फ्रांगुलिस को गले लगाकर चूमती नजर आईं। दोनों एक स्विमिंग पूल के पास खड़े थे जिसे फूलों और मोमबत्तियों से सजाया गया था।
बेलारूस की इस स्टार खिलाड़ी ने इस खास पल का वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए लिखा, “You & me forever”, साथ में अनंत (इन्फिनिटी), रिंग और सफेद दिल वाला इमोजी भी लगाया।
उनकी इस पोस्ट पर नोवाक जोकोविच, उनकी पत्नी जेलेना, हॉलीवुड अभिनेत्री ईजा गोंजालेज और टेनिस खिलाड़ी बेन शेल्टन समेत कई हस्तियों ने बधाई दी।
पिछले कुछ महीनों से प्रशंसक अंदाजा लगा रहे थे कि सबालेंका और फ्रांगुलिस जल्द शादी कर सकते हैं। जनवरी में ऑस्ट्रेलिया में हुए ब्रिस्बेन इंटरनेशनल टूर्नामेंट के दौरान भी सबालेंका ने मजाकिया अंदाज में शादी का संकेत दिया था।
फाइनल जीतने के बाद उन्होंने कहा था कि सबसे आखिर में अपनी टीम को धन्यवाद। मुझे संभालना सबसे मुश्किल है और अगर आप मुझे संभाल लेते हैं तो आप दुनिया के सबसे मजबूत लोग हैं। धन्यवाद, मैं आप सभी से प्यार करती हूं। और मेरे बॉयफ्रेंड को भी धन्यवाद। उम्मीद है जल्द ही मैं तुम्हें किसी और नाम से बुलाऊंगी, है ना?
इस पर दर्शक हंस पड़े और उन्होंने कहा कि मैंने थोड़ा अतिरिक्त दबाव डाल दिया, है ना?” उस समय फ्रांगुलिस स्टैंड्स में मुस्कुराते हुए नजर आए थे।
यह पहला मौका नहीं था जब सबालेंका ने शादी का इशारा किया। पिछले साल यूएस ओपन के दौरान जब एक प्रशंसक ने स्टैंड्स में प्रपोज किया था तो उन्होंने अपने बॉयफ्रेंड की ओर देखते हुए मजाक में कहा था, “मैंने अपने बॉयफ्रेंड की तरफ देखा… कोई दबाव नहीं।”
सबालेंका ने मई 2024 में अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था, जब उन्होंने इटालियन ओपन में हार के बाद दोनों की एक तस्वीर साझा की थी।
उनकी निजी जिंदगी में एक दुखद घटना भी हुई थी। उनके पूर्व बॉयफ्रेंड, बेलारूस के आइस हॉकी खिलाड़ी कोन्स्तांतिन कोल्त्सोव, की मियामी में होटल की बालकनी से गिरने के बाद मौत हो गई थी। दोनों तीन साल तक रिश्ते में थे।
बाद में सबालेंका ने बताया कि उस मुश्किल दौर में टेनिस ने उन्हें संभालने में मदद की। ब्राजील में जन्मे फ्रांगुलिस सुपरफूड ब्रांड ओकबेरी के संस्थापक हैं। वह मोटरस्पोर्ट के भी शौकीन हैं और ब्राजील की पोर्श 911 जीटी3 कप प्रतियोगिता में 128 रेस में हिस्सा ले चुके हैं।
फ्रांगुलिस अक्सर इंस्टाग्राम पर सबालेंका के लिए प्यार भरे संदेश लिखते रहते हैं। 2024 यूएस ओपन जीतने के बाद उन्होंने दोनों की तस्वीर के साथ लिखा था, “मैं न्यूयॉर्क की क्वीन से प्यार करता हूं।