हैमिल्टन। रोहित शर्मा के शानदार परफॉरमेंस की बदौलत भारत ने यहां खेले गए तीसरे टी-20 मैच में न्यूजीलैंड को सुपर ओवर में हरा कर टी-20 सीरीज को अपने नाम कर लिया। भारत ने इस मैच को जीत की हैट्रिक भी लागई।
मैच टाई होने के बाद हुए सुपर ओवर में न्यूजीलैंड ने पहले खेलते हुए एक ओवर में 17 रन बनाये। न्यूजीलैंड ने पहली गेंद पर 1, दूसरी गेंद पर 1, तीसरे गेंद पर 6, चौथी गेंद पर 4, पांचवीं गेंद पर 1 रन और छठी गेंद पर 4 रन बनाये। सुपर ओवर में गेंदबाजी बुमराह ने की।

18 रन के लक्ष्य पीछा करती हुई भारतीय टीम ने पहली गेंद पर 2 रन बनाये। पहली गेंद पर रन आउट होने से रोहित शर्मा बच गए। दूसरी गेंद में रोहित शर्मा ने 1 रन बनाये। तीसरी गेंद पर केएल राहुल ने चौका मारा। चौथी गेंद पर केएल राहुल को एक रन मिला। पांचवीं गेंद पर रोहित शर्मा ने छक्का मारा। आखिरी गेंद पर रोहित शर्मा ने छक्का मार कर मैच को जीत लिया और इस तरह भारत ने न्यूजीलैंड में जीत की हैट्रिक लगाते हुए पांच मैचों की टी-20 सीरीज को अपने नाम कर लिया।


रोहित शर्मा के 40 गेंद में 65 रन की मदद से भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी-20 क्रिकेट मैच में पांच विकेट पर 179 रन बनाये। जवाब में न्यूजीलैंड ने भी निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 179 रन बना कर मैच को टाई करा दिया। न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान केएस विलियम्सन ने 48 गेंदों में 95 रन बनाये। इसके अलावा गुप्टिल ने 31 रन बनाये। भारत की ओर से शार्दुल ठाकुर ने 21 रन देकर दो, मोहम्मद शमी ने 32 रन देकर दो, चहल ने 36 रन देकर 1 और जडेजा ने 23 रन देकर 1 विकेट चटकाये। बुमराह ने चार ओवर गेंदबाजी की और 45 रन खर्च किये और कोई सफलता हासिल नहीं हुई।

रोहित ने अपनी आक्रामक पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाये। उन्होंने केएल राहुल (19 गेंद में 27 रन) के साथ पहले विकेट के लिये 87 रन जोड़े।