पटना, 14 दिसंबर। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित होने वाली महिला क्रिकेट चैंपियनशिप के लिए खिलाड़ियों का एक दिवसीय चयन ट्रायल 14 दिसंबर यानी रविवार को पटना के राजेंद्रनगर स्थित संस्कृत महाविद्यालय के न्यू थीम क्रिकेट एकेडमी में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
यह महिला क्रिकेट चैंपियनशिप 20 से 25 दिसंबर 2025 तक मोइनुलहक स्टेडियम, पटना में आयोजित की जाएगी। ट्रायल कार्यक्रम में भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश राजू, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संजीव मिश्रा तथा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के अन्य प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।
खिलाड़ियों के चयन की जिम्मेदारी मुख्य चयनकर्ता पवन कुमार, डॉ. मुकेश कुमार, सौरव चक्रवर्ती एवं प्रकाश नारायण सिंह (चुन्नू) ने संभाली। ट्रायल में बिहार के विभिन्न जिलों से महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर प्रदेश संयोजक सतीश राजू ने बताया कि ट्रायल में बिहार के 30 जिलों से कुल 156 महिला खिलाड़ियों का चयन उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। उन्होंने कहा कि चयनित खिलाड़ियों को 12 टीमों में विभाजित किया जाएगा, जो आगामी छह दिवसीय महिला क्रिकेट चैंपियनशिप में भाग लेंगी। श्री राजू ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
कार्यक्रम में भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के सह संयोजक राजेश यादव, मुकेश पासवान, विकास कुमार गोल्डी, कंचन कुमारी, वर्षा पाण्डेय, विकास कुमार सिंह, निलेश दत्त तिवारी, कुंदन कुमार, अभिराम शर्मा, सुमित झा, सुमित शर्मा, अंकुर वर्मा, प्रणव सिन्हा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
महिला खिलाड़ियों की बड़ी भागीदारी और उत्साह ने इस आयोजन को सफल बनाया तथा राज्य में महिला क्रिकेट को नई दिशा देने की उम्मीद जगाई।