पटना, 5 अक्टूबर। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार यानी 5 अक्टूबर को नालंदा जिले के राजगीर में बने नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का भव्य उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने स्टेडियम के पवेलियन और ग्राउंड का शिलापट्ट अनावरण एवं फीता काटकर लोकार्पण किया।
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने क्रिकेट पवेलियन और मैदान का निरीक्षण किया तथा खिलाड़ियों से बातचीत की। इस दौरान खिलाड़ियों और उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
आधुनिक सुविधाओं से युक्त राजगीर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम
राजगीर क्रिकेट स्टेडियम 18 एकड़ भूमि पर बना है, जिसमें 40,000 दर्शकों की क्षमता है। स्टेडियम का G+5 पवेलियन पूरी तरह आधुनिक डिजाइन पर आधारित है। पिचों के निर्माण में महाराष्ट्र की लाल मिट्टी और मोकामा की काली मिट्टी का उपयोग किया गया है-6 लाल और 7 काली पिचें तैयार की गई हैं। बारिश के मौसम में मैदान से पानी निकासी के लिए उन्नत ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया गया है। खिलाड़ियों के लिए विशेष पवेलियन, कोच व मैनेजर के लिए आरक्षित बैठक व्यवस्था, वीवीआईपी स्टैंड और मीडिया गैलरी जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं।
बीसीसीआई मानकों पर तैयार यह स्टेडियम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की मेजबानी के लिए पूरी तरह सक्षम है। इसके निर्माण से न केवल बिहार की खेल संस्कृति को बल मिलेगा, बल्कि राजगीर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल पर्यटन के नक्शे पर भी प्रमुख स्थान मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र और सम्मान राशि दी
राज्य खेल अकादमी, राजगीर में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने 87 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी के चयन पत्र और 812 खिलाड़ियों को लगभग 8 करोड़ रुपये की खेल सम्मान राशि प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने पुलिस अवर निरीक्षक पद पर चयनित 10 खिलाड़ियों को सांकेतिक रूप से नियुक्ति पत्र दिया, जिनमें 8 महिला और 2 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं-अंशिका कुमारी, सपना कुमारी, पायल प्रीति, निखत खातून, खुशबू कुमारी, सुल्ताना बानो, स्वीटी कुमारी, माही श्वेतराज, नीरज कुमार और बॉबी कुमार।
मुख्यमंत्री ने तीन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मान राशि का चेक भी प्रदान किया —
शैलेश कुमार: 75 लाख
बॉबी कुमार: 35 लाख
गोल्डी कुमारी: 10 लाख
‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना से 87 खिलाड़ियों को मिली सरकारी नौकरी
सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “मेडल लाओ, नौकरी पाओ” के तहत इस वर्ष 87 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी गई है।
इनमें 39 महिला और 48 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्हें उनकी योग्यता के अनुसार विभिन्न विभागों में क्लास वन से लेकर विभिन्न श्रेणियों में नियुक्त किया गया है।
पुलिस अवर निरीक्षक – 10 खिलाड़ी
बाल कल्याण पदाधिकारी – 1 खिलाड़ी
निम्नवर्गीय लिपिक – 65 खिलाड़ी
कार्यालय परिचारी – 11 खिलाड़ी
राज्य खेल सम्मान के तहत 44 खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संघों को 7.43 करोड़ रुपये की सम्मान राशि दी गई। कुल 813 पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं में 152 पैरा खिलाड़ी, 631 खिलाड़ी, 24 प्रशिक्षक, 5 खेल संघ और 1 खेल अधिकारी शामिल हैं। वर्ष 2022 से अब तक बिहार सरकार द्वारा 2085 खिलाड़ियों के बीच लगभग ₹23.5 करोड़ की सम्मान राशि वितरित की जा चुकी है।
विशेष प्रस्तुतियाँ और कार्यक्रम में गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान राजगीर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई, साथ ही राज्य में खेल संरचनाओं के विकास को दर्शाती डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार, खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, भवन निर्माण मंत्री जयंत राज, विधायक कौशल किशोर, विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, विधायक डॉ० जितेंद्र कुमार, विधायक श्रीमती रीना यादव, खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ० बी० राजेन्दर, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चंद्रशेखर सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेष पराशर, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्रण शंकरण, खेल विभाग के निदेशक महेंद्र कुमार, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक जितेंद्र राणा, नालंदा के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, नालंदा के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी सहित अन्य वरीय अधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य व्यक्ति एवं खिलाड़ी उपस्थित थे।