टोक्यो 18 सितंबर। भारत के स्टार भालाफेंक खिलाड़ी और गत चैम्पियन नीरज चोपड़ा विश्व चैम्पियनशिप 2025 के फाइनल में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके और आठवें स्थान पर रहे। वहीं, पहली बार खेल रहे सचिन यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान हासिल किया।
फाइनल में कोई भी एथलीट 90 मीटर की दूरी पार नहीं कर सका। नीरज ने 84.03 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो फेंका, लेकिन वह शीर्ष छह में जगह नहीं बना पाए और पांचवें दौर के बाद प्रतियोगिता से बाहर हो गए। उनका पांचवां प्रयास फाउल रहा।
इसके विपरीत, सचिन यादव ने अपने पहले ही प्रयास में 86.27 मीटर का शानदार थ्रो फेंका, जो उनका निजी सर्वश्रेष्ठ भी है। उन्होंने जर्मनी के जूलियन वेबर (86.11 मीटर) और पाकिस्तान के ओलंपिक चैम्पियन अरशद नदीम (82.75 मीटर) को पीछे छोड़ दिया।
स्वर्ण पदक त्रिनिदाद और टोबैगो के केशोर्न वालकॉट (88.16 मीटर) को मिला, जबकि ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स (87.38 मीटर) दूसरे और अमेरिका के कुर्टिस थाम्पसन (86.67 मीटर) तीसरे स्थान पर रहे।
नीरज, जिन्होंने 2021 टोक्यो ओलंपिक में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीता था, इस बार अपनी लय बरकरार नहीं रख पाए। लगातार पांच प्रयासों में वह 85 मीटर का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। मई में चेक गणराज्य में उन्होंने 90.23 मीटर का थ्रो किया था, लेकिन उसके बाद से उनके प्रदर्शन में गिरावट देखने को मिल रही है।