साहिबगंज, 12 सितंबर। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया,नई दिल्ली के निर्देश के आलोक में झारखंड एथलेटिक्स संघ,रांची के द्वारा आगामी 22 से 24 सितम्बर तक बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम,मोराबादी,रांची आयोजित होने वाली 36वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें पश्चिम बंगाल, उड़ीसा,बिहार,असम, मिजोरम,सिक्किम,मणिपुर नागालैंड,त्रिपुरा,मेघालय, अरुणाचल प्रदेश,अंडमान निकोबार समेत मेजबान झारखंड टीम भाग लेगी।
इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले झारखंड राज्य की टीम में जिले में संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र सिदो कान्हु स्टेडियम के 05 एथलीट, 01 प्रशिक्षक समेत डे बोर्डिंग एथलेटिक्स केंद्र के पूर्व एथलीट समेत साहिबगंज जिला से कुल 10 खिलाड़ी को राज्य टीम में शामिल किया गया है। जो जिले के लिए गौरव का पल है। पहली बार जिले से इतनी संख्या में भागेदारी हो रही है।
खेल विभाग द्वारा 11 सितंबर से 21 सितंबर तक फुटबॉल स्टेडियम मोराबादी, रांची में खेल कूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड, रांची द्वारा विशेष कोचिंग कैंप का आयोजन किया जा रहा है। कैंप एवं प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी खिलाड़ियों को उपायुक्त हेमंत सती ने समाहरणालय परिसर कार्यालय कक्ष में खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
जिले से चयनित खिलाड़ी
बालक-अंडर 14- संतोष मुर्मू -ट्रायथलॉन ग्रुप -ए
बालक-अंडर 16- परमा हांसदा-पेंटाथलन एवं लंबीकूद
बालक- अंडर 16 – एमानुएल किस्कू – 80 मीटर हर्डल्स
बालक-अंडर 20 – सोनोत मरांडी – 5000 मीटर ,3000 मीटर स्टीपलचेस
बालक-अंडर 16 – पृथ्वी राज मंडल- जेवलिन थ्रो
बालक- अंडर 18 – विवेक यादव- जेवलिन थ्रो
बालक-अंडर 20 – नीरज यादव- जेवलिन थ्रो
बालिका-अंडर 16 – काजल कुमारी- जेवलिन थ्रो
बालिका-अंडर 20 – हुस्न आरा प्रवीण – लंबी कूद
प्रशिक्षक (राज्य टीम)- योगेश यादव
वहीं 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पर्यटन, कला संस्कृति खेल कूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार द्वारा बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम ,मोराबादी ,रांची में 29-31अगस्त तक आयोजित राज्य स्तरीय खेल महोत्सव में जिले से ऊंची कूद स्पर्धा में रजत पदक प्राप्त करने वाले जमादार केरई एवं लंबी कूद में कांस्य पदक जीतने वाले संतोष मुर्मू को सम्मानित किया।
इस मौके पर खेल विभाग के प्रशिक्षक योगेश यादव, जिम ट्रेनर गौरव झा, निमाई चौधरी समेत अन्य मौजूद थे।