बार्सिलोना, 8 जून। हैरी केन के दूसरे हाफ में किए गए निर्णायक गोल की बदौलत इंग्लैंड ने विश्व कप फुटबॉल के यूरोपीय क्वालीफाइंग मुकाबले में कमजोर मानी जा रही एंडोरा पर 1-0 से जीत दर्ज की। यह मुकाबला इंग्लैंड के लिए आसान नहीं रहा और टीम को कई तनावपूर्ण क्षणों से गुजरना पड़ा। हालांकि, इस जीत से इंग्लैंड ने राहत की सांस ली और क्वालीफाइंग में अपना विजय अभियान जारी रखा।
Also Read : Women’s Kho-Kho League सीजन-2 के कार्यक्रम घोषित
यह इंग्लैंड की लगातार तीसरी जीत रही, जिससे उसके कुल अंक नौ हो गए हैं और वह ग्रुप ‘ई’ में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। मैच का एकमात्र गोल कप्तान हैरी केन ने 50वें मिनट में किया। नोनी मदुके के पास पर मिले मौके को केन ने बेहतरीन ढंग से गोल में तब्दील किया। यह केन का इंग्लैंड की ओर से 106वां अंतरराष्ट्रीय मैच था, जिसमें उन्होंने 72वां गोल दागा।
मैच के बाद केन ने कहा, “हमें निश्चित रूप से इससे बेहतर प्रदर्शन करना होगा। यह वह खेल नहीं है जिसे लोग लंबे समय तक याद रखेंगे, लेकिन हम खुश हैं कि तीन अंक लेने में सफल रहे।”
Also Read : IND VS ENG : इंग्लैंड पहुंचते ही तैयारियों में जुटी भारतीय टीम
उधर, ग्रुप ‘ई’ के ही एक अन्य मुकाबले में अल्बानिया और सर्बिया के बीच मुकाबला कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच खेला गया, जो गोलरहित ड्रॉ पर समाप्त हुआ। तीन मैचों के बाद अल्बानिया के चार अंक हैं और वह इंग्लैंड के बाद दूसरे स्थान पर है।

