पटना, 5 मार्च। वीमेंस अंडर-23 वनडे ट्रॉफी के एलीट ग्रुप में गुरुवार को जयपुर के आरसीए एकेडमी ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने बिहार को 224 रन के बड़े अंतर से पराजित कर दिया। छत्तीसगढ़ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 359 रन का विशाल स्कोर बनाया। इसके जवाब में बिहार की पूरी टीम 41 ओवर में 135 रन पर सिमट गई।
छत्तीसगढ़ की शानदार बल्लेबाजी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम की शुरुआत मजबूत रही। सलामी बल्लेबाज चांद चेलक और मानसी मौर्या ने पहले विकेट के लिए 146 रन की शानदार साझेदारी की। चंद चेलक ने 83 गेंदों पर 74 रन की पारी खेली, जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल था।
दूसरे छोर पर मानसी मौर्या ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 104 गेंदों में 113 रन बनाए। अपनी इस शतकीय पारी में उन्होंने 9 चौके और 6 छक्के लगाए। इसके बाद ऐश्वर्या सिंह ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 55 गेंदों में 70 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 3 छक्के शामिल थे।
कप्तान कुमुद साहू ने 26 गेंदों में 25 रन का योगदान दिया। वहीं अंतिम ओवरों में राधिका नेतल ने तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में नाबाद 53 रन बनाए और टीम का स्कोर 359/4 तक पहुंचा दिया।
बिहार की ओर से गेंदबाजी में चार में से दो विकेट तेजस्वी ने चटकाये जबकि वैदेही यादव को 1 सफलता मिली।
बिहार की खराब शुरुआत
359 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 35 रन के स्कोर पर अपने चार महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। अक्षरा गुप्ता 15 रन, निक्की कुमारी 8 रन और कप्तान वैदेही यादव 11 रन बनाकर आउट हो गईं।
इसके बाद हर्षिता बिना खाता खोले आउट हो गईं, जिससे टीम पर दबाव और बढ़ गया। मध्यक्रम में आर्या (4 रन) और श्रुति (8 रन) भी ज्यादा देर तक टिक नहीं सकीं।
हालांकि याशिता सिंह ने एक छोर संभालते हुए संघर्षपूर्ण पारी खेली। उन्होंने 93 गेंदों पर 7 चौकों की मदद से नाबाद 66 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई खास सहयोग नहीं मिला। अंततः बिहार की पूरी टीम 41 ओवर में 135 रन पर ऑलआउट हो गई। याशिता सिंह का यह लगातार दूसरा अर्धशतक है।
छत्तीसगढ़ की गेंदबाजी में दम
छत्तीसगढ़ की ओर से गेंदबाजी में तान्या बेरिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 ओवर में 40 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। साक्षी शुक्ला ने भी बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 9 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट लिए।
इसके अलावा राधिका नेतल और ऐश्वर्या सिंह को एक-एक विकेट मिला, जबकि शांति बघेल और श्रेया श्रीवास ने भी किफायती गेंदबाजी कर बिहार के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।
मैच का परिणाम
बिहार की टीम 135 रन पर सिमट गई और छत्तीसगढ़ ने यह मुकाबला 224 रन के बड़े अंतर से जीत लिया। इस जीत के साथ छत्तीसगढ़ को 4 अंक मिले, जबकि बिहार को कोई अंक नहीं मिला।