अहमदाबाद, 6 मार्च। टी20 विश्व कप के फाइनल से पहले भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा Abhishek Sharma की खराब फॉर्म को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। क्रिकेट पंड़ितों से लेकर आम लोगों को लेकर इस बात को लेकर चर्चा हो रही है कि क्या अभिषेक शर्मा को फाइनल में आराम दिया जायेगा। पर इसकी संभावना कम दिखती है। दरअसल, टीम इंडिया फिलहाल उस संयोजन को बदलने के पक्ष में नहीं दिख रही जिसने उसे फाइनल तक पहुंचाया है।
सैमसन और अभिषेक की किस्मत रही अलग
टूर्नामेंट की शुरुआत में माना जा रहा था कि शीर्ष क्रम में अभिषेक शर्मा टीम की मजबूत कड़ी होंगे जबकि Sanju Samson की जगह को लेकर सवाल उठ रहे थे। लेकिन जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ा, परिस्थितियां बदलती गईं। वेस्टइंडीज के खिलाफ अहम मुकाबले के बाद सैमसन ने शानदार फॉर्म हासिल की और पिछले दो मैचों में शानदार प्रदर्शन किया। इसके बाद अब चर्चा का केंद्र अभिषेक शर्मा की फॉर्म बन गई है।
लगातार संघर्ष कर रहे हैं अभिषेक
अभिषेक शर्मा को पूरे टूर्नामेंट में लय हासिल करने में परेशानी हुई है। अपने पिछले छह मैचों में उन्होंने क्रमशः 0, 0, 0, 15, 10 और 9 रन बनाए हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ एक अर्धशतक को छोड़ दें तो उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा है।
यह भी पढ़ें : टी20 विश्व कप : संजू सैमसन का लक्ष्य फाइनल मैच भी मैच जिताने का लक्ष्य
टीम मैनेजमेंट का भरोसा कायम
इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल के बाद अभिषेक के सलामी जोड़ीदार संजू सैमसन ने कहा कि टीम मैनेजमेंट को उन पर पूरा भरोसा है। उन्होंने बताया कि मुख्य कोच Gautam Gambhir और कप्तान Suryakumar Yadav दोनों को भरोसा है कि अभिषेक जल्द ही अपनी लय हासिल कर लेंगे।
बीमारी भी बनी वजह
टूर्नामेंट के शुरुआती चरण में अभिषेक शर्मा पेट के संक्रमण से भी जूझे थे। मुंबई में पहले लीग मैच के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। इस कारण उनका वजन भी कम हो गया और टूर्नामेंट के अहम दौर में उनकी लय प्रभावित हुई।
विरोधी टीमों ने बनाई रणनीति
विपक्षी टीमों ने अभिषेक को रोकने के लिए खास रणनीति अपनाई है। कप्तान उनके खिलाफ शुरुआती ओवरों में ऑफ स्पिन और बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाजों को इस्तेमाल कर रहे हैं। धीमी गेंदों के कारण उन्हें पारी की शुरुआत में वह गति नहीं मिल पाती जिसके साथ वह खेलना पसंद करते हैं।
यह भी पढ़ें : अक्षर पटेल ने कहा-ऐसा लगा जैसे गेंद मेरा पीछा कर रही थी
रिंकू सिंह भी एक विकल्प
भारत के पास Rinku Singh को टीम में शामिल करने का विकल्प जरूर है, लेकिन इससे बल्लेबाजी क्रम पर असर पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में रिंकू को सातवें या आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करनी पड़ सकती है, जहां उनका प्रभाव सीमित हो सकता है। फिलहाल भारतीय टीम प्रबंधन उसी संयोजन के साथ उतरने के मूड में दिख रहा है जिसने टीम को टी20 विश्व कप के फाइनल तक पहुंचाया है।