मुंबई, 15 फरवरी। अनुभवी ऑलराउंडर जैसन होल्डर की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन और फिर कप्तान शाई होप (नाबाद 61) और सिमोन हेटमायर (नाबाद 46 रन) की बेहतरीन बैटिंग के दम पर वेस्टइंडीज ने रविवार को यहां टी20 विश्व कप के ग्रुप सी के मैच में नेपाल को 9 विकेट से हराया। यह वेस्टइंडीज की लगातार तीसरी जीत है और इस जीत के साथ वेस्टइंडीज सुपर-8 में अपनी जगह पक्की करने वाली दूसरी टीम बन गई।
स्थानीय वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस वेस्टइंडीज ने जीता और नेपाल को बैटिंग का न्योता दिया। नेपाल की टीम वेस्टइंडीज के गेंदबाजों के आगे खुलकर नहीं खेल पाये और निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 133 रन ही बना पाये। नेपाल की तरफ से दीपेंद्र सिंह ऐरी ने 47 गेंद पर 58 रन की शानदार पारी खेली जिससे टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पाई। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और इतने ही छक्के लगाए। उनके अलावा सोमपाल कामी ने 15 गेंद पर चार चौकों की मदद से नाबाद 26 रन का योगदान दिया।

वेस्टइंडीज की तरफ से होल्डर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने चार ओवर में 27 रन देकर चार विकेट लिए। मैथ्यू फोर्ड ने किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 10 रन देकर एक विकेट लिया।
अगर ऐरी की जुझारू पारी और कामी का आखिरी ओवरों में शानदार प्रदर्शन नहीं होता तो नेपाल की टीम अपने विशेषज्ञ बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के कारण काफी कम स्कोर पर ही सिमट जाती।
ऐरी ने दूसरे छोर से विकेट गिरने के बावजूद अपने धैर्य और आक्रामक रवैए का अच्छा नमूना पेश किया। उन्होंने हर ढीली गेंद पर जोरदार प्रहार किया जबकि विकेटों के बीच उनकी दौड़ अच्छी थी।
नेपाल 11वें ओवर तक केवल 46 रन बनाए थे और इस बीच उसने पांच विकेट गंवा दिए थे। नेपाल के बल्लेबाजों ने खराब शॉट खेल कर अपने विकेट इनाम में दिए।

नेपाल के लिए मुश्किलें पहले ही ओवर में शुरू हो गईं जब कुशल भुर्तेल (01) को अकील हुसैन ने आउट किया। नेपाल के कप्तान रोहित पौडेल (05) ने भी अपनी गलती से विकेट गंवाया। वह लेग साइड में फ्लिक करने से चूक गए और फोर्ड की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए।
लेकिन शायद सबसे खराब शॉट आरिफ शेख ने खेला, जिन्होंने होल्डर की लेग स्टंप के बाहर की गेंद पर फाइन लेग पर कैच दिया।
नेपाल का छठे ओवर की समाप्ति के बाद स्कोर तीन विकेट पर 22 रन था। इस तरह से उसने इस टी20 विश्व कप में पावरप्ले का सबसे कम स्कोर बनाया।
इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में नेपाल के हीरो रहे लोकेश बाम (13) सस्ते में आउट हो गए और गुलशन झा (11) भी फ्लॉप रहे। हालांकि ऐरी और कामी के बीच 54 रन की साझेदारी ने नेपाल को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।